सरायपाली में दिनदहाड़े खूनी खेल: पारिवारिक विवाद में अधेड़ की हत्या, चाकूबाजी में बेटा-बेटी भी घायल..

शेयर करें...

महासमुंद// छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के सरायपाली थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दिनदहाड़े चाकूबाजी की घटना में एक व्यक्ति की जान चली गई। इस घटना में मृतक के बेटे और बेटी भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज निजी अस्पताल में जारी है।

Join WhatsApp Group Click Here

दरअसल, यह पूरा मामला सरायपाली के झिलमिला वार्ड क्रमांक 8 का है। जानकारी के अनुसार, दो परिवारों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। रविवार दोपहर करीब 2 बजे यह विवाद अचानक बढ़ गया और देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। इस विवाद के दौरान आरोपियों ने 53 वर्षीय अनवर खान पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल अनवर खान को संभलने का मौका तक नहीं मिला और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना इतनी अचानक और खतरनाक थी कि आसपास के लोग भी दहशत में आ गए। हमले के दौरान अनवर खान के बेटे अजहर खान (21 वर्ष) और बेटी शहनाज (27 वर्ष) भी बीच-बचाव करने पहुंचे, लेकिन वे भी हमले की चपेट में आ गए। दोनों को गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

पुराने विवाद ने लिया हिंसक रूप

प्राप्त जानकारी के अनुसार, राकेश साहू, ताजुद्दीन और अनवर खान के परिवारों के बीच काफी समय से आपसी विवाद चल रहा था। इसी विवाद ने रविवार को अचानक उग्र रूप ले लिया। आरोप है कि राकेश साहू और ताजुद्दीन ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया।

घटना की सूचना मिलते ही सरायपाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी को हिरासत में ले लिया है। अधिकारियों के अनुसार, घटना की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है और अन्य आरोपियों की भी तलाश की जा रही है।दिनदहाड़े हुई इस हत्या की घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है। स्थानीय लोग इस घटना से सहमे हुए हैं और प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Scroll to Top