शेयर करें...
रायपुर// कोरोना की तीसरी लहर ने बड़ी संख्या में बच्चों को अपनी चपेट में लिया है। बताया जा रहा है कि कुल संक्रमितों में करीब 15% की उम्र 18 साल से कम है। इस मान से प्रदेश भर में संक्रमित बच्चों की संख्या 3500 के आसपास होती है। इस लहर में किसी बच्चे की यह पहली मौत है। दूसरी लहर के दौरान भी कई बच्चों की जान गई थी।
इधर, मुंगेली के लोरमी स्थित नवोदय आवासीय स्कूल में 19 छात्र सहित 24 संक्रमित मिले हैं। इनमें 5 शिक्षक शामिल हैं। स्कूल को तत्काल बंद कर दिया गया है। बाकी की जांच की जा रही है। कोरोना की तीसरी लहर अब रोज जान लेने लगी है। मंगलवार को प्रदेश में चार मरीजों की मौत हो गई। मरने वालों में डेढ़ साल का एक मासूम बच्चा भी शामिल है। तबीयत खराब होने के बाद परिजन जब बच्चे को अस्पताल ले आए तब कोरोना का पता चला। तीन दिन इलाज के बाद भी उसे बचाया नहीं जा सका।
दंतेवाड़ा में एक दिन में ही 69 संक्रमित मरीज मिले हैं। इनमें एक शिक्षक समेत 7 स्कूली बच्चे भी शामिल हैं। इसके बाद जिला प्रशासन ने पहली से लेकर 5वीं तक के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों को आज से बंद करने का आदेश जारी कर दिया है।
मंगलवार को जिन तीन अन्य मरीजों की मौत हुई वे रायपुर, बिलासपुर और रायगढ़ जिलों के थे। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक उन मरीजों को दूसरी बीमारियों के इलाज के लिए भर्ती कराया गया था, जहां उनमें कोरोना संक्रमण की भी पुष्टि हुई थी। इलाज के दौरान उन लोगों ने दम तोड़ दिया। प्रदेश में इस महामारी की वजह से अब तक 13 हजार 623 लोगों की जान जा चुकी है।
प्रदेश भर में 5151 नए मरीज मिले
छत्तीसगढ़ में मंगलवार रात 8 बजे तक कोरोना के 5 हजार 151 नए मरीज मिले हैं। वहीं 483 लोगों को डिस्चार्ज किया गया। इसमें से 102 लोगों को अस्पतालों से छुट्टी दी गई। मंगलवार को 55 हजार 946 नमूनें लिए गए हैं। अब प्रदेश में सक्रिय मरीजों की कुल संख्या 23 हजार 886 हो गई है। यह कोरोना की दूसरी लहर के गुजर जाने के बाद सक्रिय मरीजों की सबसे बड़ी संख्या है।
संक्रमण दर 9.21% तक पहुंच गया
छत्तीसगढ़ की संक्रमण दर बढ़कर 9.21% तक पहुंच गया है। एक जनवरी को यह दर केवल 1.18% था। दिसम्बर के दूसरे सप्ताह तक तो यह दर एक फीसदी से भी कम था। दिसम्बर के आखिरी सप्ताह से केस बढ़ने लगे और दो सप्ताह ही प्रदेश में मरीजों की संख्या बढ़कर 23 हजार से अधिक हो गई है। पिछले तीन दिनों से लगातार मौतों की भी रिपोर्ट आ रही है।


