कांग्रेस की खींचतान में ‌BJP और संघ की एंट्री, बृहस्पत का दावा-सरकार गिराने की साजिश कर रहे दोनों, सिंहदेव ने कहा-70 विधायकों वाली सरकार अस्थिर नहीं हो सकती..

शेयर करें...

रायपुर// ढाई-ढाई साल के मुख्यमंत्री की चर्चाओं के साथ उठी छत्तीसगढ़ कांग्रेस की राजनीतिक खींचतान में अब भाजपा और संघ की भी एंट्री हो गई है। शक्ति प्रदर्शन 2.0 का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस विधायक बृहस्पत सिंह ने आरोप लगाया है कि भाजपा और संघ छत्तीसगढ़ में सरकार गिराने की साजिश कर रहे हैं। वहीं स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा है, 90 में 70 विधायकों वाली सरकार को कोई अस्थिर नहीं कर सकता।

Join WhatsApp Group Click Here

दिल्ली में बैठे बृहस्पत सिंह ने मीडिया से बातचीत में आरोप लगाया, संघ और भाजपा प्रदेश सरकार गिराने की साजिश कर रहे हैं। वे लोग इस साजिश को नाकाम करने ही दिल्ली आए हैं। वे पार्टी हाईकमान से मुलाकात कर अपनी बात रखेंगे। बृहस्पत ने कहा, छत्तीसगढ़ में भाजपा को ‘देसी अंग्रेज’ कहा जाता है। RSS कार्यकर्ता हमारे विधायकों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने मध्य प्रदेश सरकार को निशाना बनाया, जिसके कारण वह गिर गई। पंजाब में भी उन्होंने ऐसा ही किया। उन्होंने फूट डालो और राज करो की नीति अपनाई है।

इधर, रायपुर में पत्रकारों के सवालों पर स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा, 90 में 70 विधायकों वाली सरकार कभी अस्थिर नहीं हो सकती। सबको ये समझ लेना चाहिए कि कांग्रेस पक्ष के 70 विधायक हाईकमान की बात से आधा इंच इधर-उधर नहीं जाएंगे। ये विधायक हाईकमान के आदेश पर ही काम करते हैं। कल भी करते थे आगे भी करते रहेंगे। सिंहदेव ने कहा, राजनीति से जुड़ा व्यक्ति कोई काम करता है तो राजनीति अपने आप घुस जाती है। किसी भी संगठन में इतनी स्वतंत्रता होनी चाहिए कि लोग अपनी भावना व्यक्त कर पाएं। जो लोग दिल्ली गए हैं, वे अपनी भावना बताकर जल्दी ही लौट आएंगे।

कका-बबा का कोल्डवार जारी, कई परियोजनाओं का हुआ उद्घाटन और भूमिपूजन पर नहीं दिखे प्रभारी मंत्री..

इन सब के बीच छत्तीसगढ़ में राजनीति का कोल्डवॉर अलग ही स्तर पर पहुंचता दिख रहा है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल दो दिनों के बेमेतरा प्रवास पर थे। वहां कई परियोजनाओं का उद्घाटन और भूमिपूजन हुआ, लेकिन प्रभारी मंत्री टीएस सिंहदेव नहीं दिखे। इस पर आज स्थानीय पत्रकारों ने सवाल उठाया तो मुख्यमंत्री ने कहा, जब मुख्यमंत्री यहां है तो प्रभारी मंत्री को कोई पूछता है क्या?

महात्मा गांधी के जन्मदिन पर शनिवार को बेमेतरा में किसान सम्मेलन का आयोजन हुआ था। मुख्यमंत्री इसमें मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए। गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू को सम्मेलन का अध्यक्ष बनाया गया था। वहीं, प्रभारी मंत्री टीएस सिंहदेव, कृषि मंत्री रविंद्र चौबे, दुर्ग सांसद विजय बघेल, विधायक गुरुदयाल सिंह बंजारे और आशीष छाबड़ा को विशिष्ट अतिथियों में शामिल किया गया। इस समारोह में प्रभारी मंत्री टीएस सिंहदेव और दुर्ग विधायक विजय बघेल शामिल नहीं हुए। इसमें मुख्यमंत्री ने विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास किया। सम्मेलन के बाद मुख्यमंत्री बेमेतरा में ही रुके। विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों से बात की। आज पत्रकारों से चर्चा में प्रभारी मंत्री की गैर मौजूदगी पर सवाल हुए तो उन्होंने कहा, जब मुख्यमंत्री यहां है तो प्रभारी मंत्री को कोई पूछता है क्या, क्या बात करते हैं? मुख्यमंत्री ने आज भी स्थानीय अस्पताल में कई मशीनों की शुरुआत की।

Scroll to Top