शेयर करें...
रायपुर/ महामारी के बीच भी चेहरा चमकाने की राजनीति जारी है। छत्तीसगढ़ ने कोरोना टीकाकरण के प्रमाणपत्र से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर को हटा लिया है। 18 से 44 वर्ष आयु वर्ग के लोगों के टीकाकरण प्रमाणपत्र पर अब मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मुस्कुराती हुई तस्वीर लगी है।
उच्च न्यायालय के हस्तक्षेप के बाद राज्य सरकार ने हाल ही में वैक्सीनेशन का प्रावधिक प्रमाणपत्र जारी करना शुरू किया है। इसमें टीका लगवाने वाले का नाम, पता, लिंग, पहचान पत्र का नंबर, टीका लगाए जाने का स्थान, टीका लगने की तारीख। दूसरी खुराक की संभावित तारीख, टीके का नाम और बैच नंबर तक दर्ज है। इसी प्रमाणपत्र के ऊपरी दाहिने हिस्से में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की तस्वीर लगाई गई है। इससे पहले स्वास्थ्यकर्मी, फ्रंटलाइन वर्कर और 45 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को लगाए जा रहे टीके के बाद जो प्रमाणपत्र मिल रहा है, उस पर नीचे की तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर लगी हुई है।
छत्तीसगढ़ के प्रमाणपत्र में इस बदलाव की भाजपा आलोचना कर रही है। कहा जा रहा है कि कांग्रेस प्रमाणपत्र पर प्रधानमंत्री की फोटो का विरोध करती रही है। अब कांग्रेस शासित राज्य ने मुख्यमंत्री का फोटो लगाकर प्रमाणपत्र जारी किया है।
मुख्यमंत्री को खुद मिला है प्रधानमंत्री वाला प्रमाणपत्र
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव, गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू समेत तमाम उम्रदराज मंत्रियों-विधायकों को टीका लगवाने के बाद जो प्रमाणपत्र मिला है, उसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर लगी है। इस वर्ग में टीकाकरण कई महीनों से जारी है। ऐसे में प्रमाणपत्र भी कई महीनों से जारी हो रहा है।
भाजपा बोली, टीकाकरण में भी राजनीति कर रही कांग्रेस
भाजपा विधायक शिवरतन शर्मा ने कहा, कांग्रेस के नेतृत्व वाली राज्य सरकार टीकाकरण में भी राजनीति कर रही है। केंद्र प्रायोजित टीकाकरण में भी केंद्रों पर मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ने अपनी तस्वीरों वाले बड़े-बड़े फ्लैक्स लगवा लिए। अब 18 से 44 वर्ष आयु वर्ग के टीकाकरण में पहले कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में और गरीबों के पास फोन और इंटरनेट नहीं है। ऐसे में उनके ऑनलाइन पंजीयन से छूट मिलनी चाहिए। बाद में अपना पोर्टल बनाया। अब हालत यह है कि लोगों को चॉइस सेंटर पर लाइन लगाना पड़ रहा है। शर्मा ने कहा, कांग्रेस की कथनी और करनी में बहुत अंतर है।
स्वास्थ्य मंत्री बोले, इसमें आलोचना का कोई तुक नहीं
स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा, 45 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों और फ्रंटलाइन वर्कर का टीकाकरण केंद्र सरकार के खर्च पर हो रहा है। उस पर उन्होंने प्रधानमंत्री की फोटाे लगा रखी है। 18 से 44 वर्ष आयु वर्ग के लोगों का टीकाकरण राज्य सरकार के खर्च पर हो रहा है। हमने यहां प्रमाणपत्र पर मुख्यमंत्री की फोटाे लगा दी। सिंहदेव ने कहा, भाजपा नेताओं की ओर से हो रही आलोचना का यहां कोई तुक ही नहीं है।
टीकाकरण के लिए पोर्टल भी बदला
छत्तीसगढ़ ने 18 + टीकाकरण के लिए केंद्र सरकार के कोविन पोर्टल को भी अपदस्थ कर दिया। एक मई को टीकाकरण की शुरुआत मैन्युअल हुई। उसके बाद सरकार ने CG Teeka नाम से अपना टीकाकरण पोर्टल जारी कर दिया। पंजीयन और शेड्यूलिंग की पूरी प्रक्रिया अब इस पोर्टल के जरिए की जा रही है। पोर्टल शुरू हुआ तो भाजपा ने कहा, यह केवल अपनी फोटो लगाने के लिए किया जा रहा है।


