शेयर करें...
रायपुर/ छत्तीसगढ़ में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। इसके चलते रायपुर समेत प्रदेश के 14 जिलों में नाइट कर्फ्यू की घोषणा कर दी है। जिलों में कर्फ्यू लगाने का फैसला जिला स्तर प्रशासन ने लिया। रायपुर समेत 8 जिलों में रात 9 बजे से सुबह 6 बजे नाइट कर्फ्यू लागू रहेगा, जबकि जगदलपुर समेत 6 में रात 8 बजे से यह लागू हो जाएगा। संक्रमण की रफ्तार को देखते हुए 28 मार्च की बैठक में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने नाइट कर्फ्यू लगाने का फैसला किया था।
इन जिलों में रहेगा नाइट कर्फ्यू
रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, महासमुंद कोरबा, बालोद, कोंडागांव और रायगढ़ में दुकानें और व्यावसायिक प्रतिष्ठान रात 9 बजे से सुबह 6 बजे तक पूरी तरह बंद रखे जाएंगे। जबकि, अंबिकापुर, जगदलपुर, सूरजपुर, कोरिया, जांजगीर-चंपा और जशपुर में रात 8 बजे से लॉकडाउन प्रभावी रहेगा। इस दौरान सिर्फ जरूरी सेवाओं को छूट रहेगी।
सभी दुकानदारों को टाइमिंग लिखने को कहा गया
कलेक्टर ने सभी दुकानदारों और व्यवसायियों को अपने प्रतिष्ठान पर फ्लैक्स लगाने को कहा है। इस फ्लैक्स पर दुकान के खुलने और बंद होने का समय लिखना होगा। यह काम दुकानदार को अपने खर्च में कराना होगा।


