महंगाई की मार से जनता बेहाल, पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में लगातार बढ़ोतरी, फिर 25 रुपये महंगी हुई गैस..

शेयर करें...

डेस्क/ पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत लगातार बढ़ रही है, एक बार फिर 25 रुपए बढ़ोतरी हुई है। केवल दो महीने में 150 और पिछले एक हफ्ते में सिलेंडर की कीमत में 45 रुपए तक इजाफा हुआ है। पेट्रोलियम कंपनियों ने तीन महीने में लगातार 7वीं बार एलपीजी सिलेंडरों की कीमत बढ़ायी है। सिलेंडरों की कीमत जितनी तेजी से बढ़ रही है उतनी ही तेजी से खातों में जमा होने वाली सब्सिडी कम हो रही है।

Join WhatsApp Group Click Here

घरेलू सिलेंडर इसी हफ्ते गुरुवार को 25 रु. महंगा हो गया। कुछ दिन पहले तक 840.50 रुपए में मिलने वाला सिलेंडर अब 860.50 रुपए में मिलने लगा है। गैस एजेंसी के संचालकों का कहना है कि अभी कमर्शियल गैस 80.52 रुपए प्रति किलो और घरेलू गैस करीब 61.14 रुपए प्रति किलो पड़ रहा है।

नाम मात्र की सब्सिडी, अब खत्म करने की तैयारी

पहले जो सब्सिडी मिलती थी उसके अनुसार इस कीमत पर ग्राहकों के खातों में हर सिलेंडर पर करीब 318 रुपए की सब्सिडी जमा होनी चाहिए। फिलहाल ऐसा नहीं हो रहा है। ग्राहकों के खातों में केवल 61 रुपए ही सब्सिडी के जमा हो रहे हैं। खातों में सब्सिडी की रकम कम जमा होने की वजह से लोग अब इसकी जानकारी भी नहीं ले रहे हैं। सब्सिडी कम आने के कारण अब ग्राहकों को लगने लगा है कि केंद्र सरकार ने सब्सिडी खत्म कर दी है। हालांकि अभी ऐसा नहीं हुआ है, मार्च तक लोगों के खातों में सब्सिडी आएगी। नए वित्तीय साल में इसे खत्म करने की तैयारी है।

उज्जवला पर असर, रिफलिंग नहीं करा रहे:-

एलपीजी सिलेंडरों की बढ़ती कीमतों का सबसे बड़ा असर बीपीएल परिवारों को मिलने वाले उज्जवला गैस कनेक्शन पर हो रहा है। सिलेंडरों की बढ़ती कीमत के बाद गरीब परिवार उसकी दोबारा रिफिलिंग नहीं करवा रहे हैं। विभागों से मिली जानकारी के अनुसार एक बार निशुल्क या कम कीमत में गैस कनेक्शन मिलता है। इसके बाद लोगों को अपनी रकम से सिलेंडर लेना पड़ता है। अब सिलेंडर महंगा होने की वजह से लोग न तो उसकी बुकिंग करवा रहे हैं और न ही दोबारा खरीद रहे हैं।

ऐसे बढ़ती गई कीमत:-

तारीख – घरेलू सिलेंडर – कमर्शियल
1 दिसंबर – 648 – 1307
1 जनवरी – 698 – 1360
27 जनवरी – 765 – 1550
20 फरवरी – 840 – 1534
25 फरवरी – 860 – 1540

Scroll to Top