साल्हेओना धान उपार्जन केंद्र में 97 लाख से अधिक के फर्जीवाड़े में 4 और गिरफ्तार, पहले से ही प्रबंधक और कंप्यूटर ऑपरेटर जेल में..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// सरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत साल्हेओना धान उपार्जन केंद्र में हुए करीब 97 लाख रुपये से अधिक के फर्जीवाड़े के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 और लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इससे पहले इस मामले में समिति प्रबंधक और कंप्यूटर ऑपरेटर को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

Join WhatsApp Group Click Here

पुलिस जांच के अनुसार धान खरीदी वर्ष 2025-26 के दौरान पंजीयन क्रमांक 245 वाले उपार्जन केंद्र में बिना वास्तविक धान आए ही ऑनलाइन एंट्री कर फर्जी खरीदी दर्शाई गई। इस गड़बड़ी से शासन और समिति को कुल 3140.80 क्विंटल धान की कीमत 97,36,480 रुपये तथा जूट बारदाना की कीमत 1,75,931 रुपये सहित कुल 99,12,411 रुपये का नुकसान हुआ।

इस मामले में पहले गिरफ्तार किए गए आरोपियों में समिति प्रबंधक बंशीधर पटेल और कंप्यूटर ऑपरेटर वासुदेव पटेल शामिल हैं, जिन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। अब आगे की कार्रवाई में कन्हैया लाल पटेल (लिपिक), अर्जुन लाल पटेल (भृत्य), मुकेश पटेल उर्फ प्रेमसागर पटेल (दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी) और शौकी लाल सिदार (रात्रि चौकीदार) को भी गिरफ्तार किया गया है।

जांच में यह भी सामने आया है कि उपार्जन केंद्र में बिना अधिकृत नियुक्ति के कई लोगों से कार्य कराया गया और फर्जी तरीके से धान की एंट्री की गई। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।

Scroll to Top