शेयर करें...
रायपुर/ कोरोना वैक्सीनेशन के बाद एक पुलिस अधिकारी की मौत से पुलिस और स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। फ्रंटलाइन वर्कर्स को कोरोना वैक्सीनेशन के क्रम में रायपुर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में तैनात ASI पुष्पेंद्र पाण्डेय को टीका लगाया गया था। 14 फरवरी की रात सीने में दर्द उठने के बाद उनकी मौत हो गई। पुष्पेंद्र यहां अनुकंपा नियुक्ति पर तैनात थे। अब इस मामले की जांच राज्य स्तरीय एडवर्स इवेंट्स फॉलोविंग इम्यूनाइजेशन (AEFI) कमेटी करेगी।
छत्तीसगढ़ के राज्य टीकाकरण अधिकारी डाॅ. अमर सिंह ठाकुर ने बताया, रायपुर में 14 फरवरी को 34 वर्षीय सहायक सब इंस्पेक्टर की मृत्यु हुई है। उनका पोस्टमार्टम किया गया, और अंतिम रिपोर्ट अभी आना बाकी है। उन्होने कहा, प्रथम दृष्टया इसका संभावित कारण हार्ट अटैक लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने एवं राज्य स्तरीय AEFI समिति उसका विस्तृत विश्लेषण करेगी। तभी मौत का वास्तविक कारण ज्ञात हो सकेगा।
डॉ. ठाकुर ने बताया, सहायक सब इंस्पेक्टर कोे 12 फरवरी को रायपुर में कोरोना की वैक्सीन लगाई गई थी। उन्हे 14 फरवरी को रात में सीने में अचानक दर्द हुआ। उन्हें एक निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां के डाक्टरों ने प्राथमिक जांच करके बताया कि अस्पताल पहुंचने के पूर्व ही उनकी मृत्यु हो गई थी।
क्या है AEFI समिति
टीके के विपरीत प्रभाव के मामलों की जांच और उससे निपटने के लिए यह समिति बनाई गई है। इस समिति में अनेक विशेषज्ञ डॉक्टर, API और यूनीसेफ के प्रतिनिधि शामिल हैं। यह समिति सभी प्रकार के टीकाकरण के बाद कोई एडवर्स इवेंट होने के सभी प्रकरणों की जांच करती हैं।


