शेयर करें...
रायगढ़/ यह पूरा मामला सरिया थाना क्षेत्र का है। जहां पुलिस पर मारपीट में शामिल एक आरोपी को बचाने का आरोप लगाते हुए सोमवार को ग्रामीणों द्वारा 300 से ज्यादा की संख्या में नारेबाजी करते हुए थाने का घेराव कर दिया गया। इस दौरान आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज करने की मांग करते हुए गिरफ्तार करने की मांग की। 4 घंटे बाद प्रदर्शनकारियों ने अपना आंदोलन डीएसपी के आश्वासन देने पर बंद किया।
मिली जानकारी के अनुसार सरिया थाना अंतर्गत ग्राम रतनपाली में 6 माह पहले मारपीट की एक घटना में 9 लोगों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया गया था। बाद में पुलिस ने एक आरोपी युवक का नाम उक्त घटना से हटा दिए जाने के कारण पीड़ित पक्ष बार-बार पुलिस के समक्ष गुहार लगाते हुए थक हार चुका था। पीड़ित परिवार ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों से भी न्याय दिलाने की गुहार लगाई जिसके बाद भी सरिया पुलिस अपने कार्य पर अडिग रहा। जिसके कारण सोमवार को सुबह 9:00 बजे पीड़ित परिवार सहित ग्राम रतनपाली व आसपास के लोगों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुलिस थाना गेट के सामने बैठकर थाने का घेराव करते आंदोलन किया।
जानकारी के मुताबिक ग्राम रतन पाली में 31 जुलाई की रात किसी बात को लेकर गाली- गलौज मारपीट तथा घर घुसकर महिलाओं के साथ मारपीट के मामले में पीड़ित पक्ष द्वारा सरिया थाने में वृंदावन निषाद, शिव निषाद, पंचानन निषाद, एकावन निषाद, पराग पटेल, सुना लाल मांझी,श्याम लाल मांझी, श्याम लाल क्षीरसागर मांझी व पूर्णचंद्र निषाद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई। जिस पर पुलिस द्वारा धारा 147 ,148, 149, 456,294, 506, 323 ,324 ,325 तहत पंजीबद्ध किया गया है। वही बाद में सरिया पुलिस द्वारा एक आरोपी पराग पटेल का नाम हटा दिया गया। साथ ही धारा 456 को भी हटा दिया गया व अन्य आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर मुचलका में रिहा किया गया।
वही ग्रामीणों ने आरोपियों के खिलाफ धारा 456 हटने व पराग पटेल का नाम हटा दिए जाने से पीड़ित पक्ष सरिया पुलिस के खिलाफ आरोपी को बचाने का आरोप लगाते हुए सरिया थाने का घेराव किया।
आंदोलन का जनप्रतिनिधियो ने किया समर्थन
इस दौरान थाना घेराव की सूचना पर जनपद पंचायत बरमकेला के अध्यक्ष तारा अरुण शर्मा तथा जिला पंचायत सदस्य व विधायक प्रकाश नायक के छोटे भाई कैलाश नायक ने भी थाना घेराव पर पहुंचे और पीड़ित परिवार के साथ बैठकर थाना घेराव आंदोलन का समर्थन करते हुए सरिया पुलिस की निष्क्रियता मनमानी पर सवालिया निशान लगाते पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने में अपना समर्थन दिया।
थाना घेराव की सूचना पर डीएसपी पहुंची सरिया-
सरिया थाना प्रभारी के खिलाफ प्रदर्शन करने तथा थाना घेराव की सूचना पाकर डीएसपी गरिमा द्विवेदी सरिया थाना पहुंची उन्होंने प्रदर्शनकारियों से चर्चा करते हुए कहा कि अभी अपना प्रदर्शन बंद कर दें मैं आप लोगों का आश्वासन देती हूं कि उक्त घटना की जांच मैं करूंगी और उचित कार्रवाई की जाएगी डीएसपी के आश्वासन के बाद थाना घेराव का आंदोलन खत्म किया गया।


