शेयर करें...
रायपुर// छत्तीसगढ़ में कोरोना से बचाव का टीका लगवाने वालों की संख्या में रोज बढ़ोतरी हो रही है। स्वास्थ्य अमला युद्ध स्तर पर वैक्सीनेशन में लगा हुआ है। वैक्सीनेशन साइट्स की संख्या लगातार बढ़ाई जा रही है, ताकि एक केन्द्र में अधिक भीड़ न हो। संचालक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन एवं कोरोना टीकाकरण की राज्य नोडल अधिकारी डाॅ. प्रियंका शुक्ला ने बताया कि 26 जून को प्रदेश में 4592 सेशन साइट्स पर तीन लाख 50 हजार 492 लोगों को टीका लगाया गया। राज्य में अब तक 18 से 44 वर्ष आयु समूह के 21 लाख नौ हजार 728 लोगों को पहला टीका लगाया जा चुका है।
जिलेवार आंकड़ा…
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि 26 जून को रायपुर जिले में 38545, दुर्ग में 11683, राजनांदगांव में 24592, बिलासपुर में 17369, सुकमा में 1405, रायगढ़ में 122587, बालोद में 13127, सरगुजा में 6823, जांजगीर-चांपा में 10272, बलौदाबाजार-भाटापारा में 9143, जशपुर में 5751, कोरबा में 10991, बेमेतरा में 7145, धमतरी में 6056 कोरिया में 4628, कोंडागांव में 2489, कांकेर में 8631, गोरेला-पेंड्रा-मरवाही में 1778, मुंगेली में 4230, नारायणपुर में 203, गरियाबंद में 3159, बस्तर में 2246, दन्तेवाड़ा में 3143 , सूरजपुर में 6531, बलरामपुर-रामानुजगंज में 4126, महासमुंद में 14995, बीजापुर में 791 और कबीरधाम में 8053 लोगों को कोरोना से बचाव का टीका लगाया गया है।
महा टीकाकरण अभियान में रायगढ़ जिले के 01 लाख 25 हजार 183 से ज्यादा लोगों ने टीका लगवाकर रचा इतिहास…
शनिवार का दिन रायगढ़ जिले के लिए इतिहास में दर्ज हो जाने का दिन रहा। महा टीकाकरण अभियान के तहत जिले में 01 लाख 25 हजार 183 से ज्यादा लोगों ने एक ही दिन में टीका लगवाकर प्रदेश ही नहीं बल्कि देश में कोरोना को मात देने अपनी अलग पहचान बनाई है।

रायगढ़ जिले में सुबह 7 बजे से ही हलचल शुरू हो गई थी। 18 वर्ष की आयु कर चुके युवा, महिलाएं अपने गली-मोहल्लों की टोलियों के साथ हाथ में आधार कार्ड या राशन कार्ड लेकर घरों से निकल रहे थे। सभी के चेहरे में मतदान के दिन वोट डालने जैसा एक उत्साह था, यह उत्साह देखते ही बन रही थी, उत्साह मतदान का नहीं बल्कि अपने समाज को कोरोना मुक्त करने टीका लगवाने का उत्साह था। कलेक्टर भीम सिंह के मार्गदर्शन में जिले में एक साथ शनिवार को महा टीकाकरण अभियान चलाया गया। अभियान के लिए 75 हजार लोगों को एक ही दिन टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन लोगों में कोरोना को मात देने का जज्बा इतना था कि दोपहर तक ही कोरोना टीका का प्रथम डोज लेने वालों की संख्या 75 हजार के पार हो चुकी थी और यह शाम होते-होते सवा लाख से ज्यादा हो गई। इधर सुबह से ही जिला प्रशासन, नगर निगम प्रशासन, स्वास्थ्य अमला, राजस्व अमला के अधिकारी-कर्मचारी लोगों को कोरोना टीका लगवाने के लिए जागरूक कर रहे थे। कलेक्टर सिंह के मार्गदर्शन में महा टीकाकरण अभियान में लगे अधिकारियों-कर्मचारियों की मेहनत का ही परिणाम रहा कि रायगढ़ शहर ने एक ही दिन में एक लाख से ज्यादा कोरोना टीकाकरण करने का रिकार्ड बनाया। महा टीकाकरण इस अभियान में जिला पंचायत सीईओ डॉ.रवि मित्तल ने पूरे दिन सारे विभागों के साथ समन्वय किया।
कलेक्टर भीम सिंह ने घर-घर जाकर लोगों को किया जागरूक
कलेक्टर भीम सिंह ने ग्राम पचपेड़ी का निरीक्षण किया। इस दौरान पता चला कि यहां कोरोना टीकाकरण के लिए फैली भ्रांतियों के कारण ग्रामवासी कोरोना टीकाकरण का विरोध कर रहे हैं। इस पर कलेक्टर ने ग्राम के लोगों को जागरूक करते हुए वहां खड़े रहकर वैक्सीनेशन सेेंटर शुरू कराया। इसके बाद ग्राम वासियों ने वैक्सीनेशन सेंटर पहुंचकर टीका लगवाया। इसी तरह सारंगढ़ ब्लाक के ग्राम जशपुर में भी टीकाकरण के भ्रांति को लेकर ग्रामवासियों द्वारा टीका नहीं लगवाने की बात सामने आई। इस पर कलेक्टर ने गांव के घर-घर में जाकर लोगों से बातचीत कर टीकाकरण से अपने व अपने परिवार और समाज को बचाने की बात कहते हुए लोगों को टीका लगाने की अपील की। इसके बाद गांव के 18 वर्ष की आयु पार कर चुके अधिकांश ग्रामीणों ने कोरोना का टीका लगवाया।
सभी के सहयोग से लक्ष्य से ज्यादा हुआ टीकाकरण-कलेक्टर भीम सिंह
कलेक्टर भीम सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कोरोना से बचाव के लिये सभी लोगों का जल्द से जल्द कोरोना टीकाकरण कराने के निर्देश दिये थे। निर्देश के तहत महा टीकाकरण अभियान के लिये एक ही दिन 75 हजार लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इसके लिए जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम व राजस्व विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों के सतत् समन्वय और सहयोग रहा। इसी तरह जिले के सभी जनप्रतिनिधियों ने टीकाकरण अभियान में सकारात्मक सहयोग दिया। जिससे ही एक ही दिन में लक्ष्य से ज्यादा सवा लाख टीकाकरण जिले में हुआ। इसके लिये कलेक्टर भीम सिंह ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया।
ब्लाकवार यह रहा डाटा
जिले के सभी टीकाकरण सेंटरों से दोपहर एक बजे से करीब 30 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति की सूचना आनी शुरू हो गई थी। शाम 5 बजे एक लाख का आंकड़ा पार हो गया था। देर शाम तक यह सवा लाख पहुंच गया था। पूरे जिले में 01 लाख 25 हजार 183 टीके लगाये जा चुके है। इसमें बरमकेला में 15266, सारंगढ़ में 12148, पुसौर में 14344, लोईंग में 16913, खरसिया में 13664, तमनार में 11626, घरघोड़ा में 8217, लैलूंगा में 8373, धरमजयगढ़ में 13476, रायगढ़ शहरी में 10656 टीके लगाये गये।



You must be logged in to post a comment.