शेयर करें...
जांजगीर/ पत्नी व बेटे के साथ बाइक में सवार होकर घर लौट रहे ग्रामीण की बाइक को सामने से आ रही महिंद्रा जाइलो वाहन ने हसदेव नदी पुल के ऊपर ठोकर मार दी। इस दुर्घटना से बाइक सवार तीन ग्रामीण छिटककर पुल से नीचे जा गिरे और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस दुर्घटना से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार नवागढ़ थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत किरीत निवासी तिवारी लाल साहू (50) पिता रामप्रसाद साहू, संतोषी साहू (46) पति तिवारी लाल साहू, गोपी किशन (19) पिता तिवारी लाल साहू ने अपने सीबी साइन सीजी 11 एसी 3648 मे सवार होकर बिर्रा से अपने ग्राम किरीत थाना नवागढ़ जा रहे थे। इसी बीच दोपहर लगभग डेढ़ बजे सिलादेही के हसदेव पुल के पास बाइक सवार पहुंचे थे।
इसी दौरान सिलादेही निवासी विकास साहू (21) पिता हेमंत साहू, सतीश पंकज (24) पिता रामचरण पंकज अपने जायलो सीजी 12 एएम 3867 में सवार होकर अमरकंटक बिलासपुर से अपने घर सिलादेही लौट रहे थे। इसी बीच सिलादेही हसदेव पुल के ऊपर गुजर रही जाइलो ने सामने से आ रही बाइक को ठोकर मार दी। इस दुर्घटना से बाइक में में एक ही परिवार के तीनों लोग बाइक के साथ छिटककर पुल के नीचे जा गिरे और बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। ठोकर इतनी जबर्दस्त थी कि जाइलो का सामने हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस दुर्घटना से बाइक सवार तीनों ग्रामीणों की मौके पर ही मौत हो गई।


