शेयर करें...
रायगढ़// महिला और बाल अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे “अभियान संवेदना” के तहत छाल पुलिस ने नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी भोपेश्वर उर्फ छोटू राठिया (20 वर्ष) को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में पुलिस ने पीड़िता की पहचान और गोपनीयता का विशेष ध्यान रखा है।
पुलिस के अनुसार, 21 सितंबर 2026 को नाबालिग के परिजन ने थाना छाल में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में गांव के युवक छोटू राठिया पर नाबालिग को डराने-धमकाने के बाद दुष्कर्म करने का आरोप लगाया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपराध क्रमांक 214/2026 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
सुनसान मकान में ले जाने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, घटना 18 सितंबर की रात की बताई गई है। परिजनों के अनुसार, रात में नाबालिग घर से बाहर चली गई थी और वापस नहीं लौटी। अगले दिन वह खेत के पास स्थित एक सुनसान मकान में मिली। पूछताछ में बालिका ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 127(2), 64 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 और 6 के तहत अपराध दर्ज किया।
महिला पुलिस अधिकारी ने दर्ज किया बयान
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी छाल निरीक्षक नासिर खान के निर्देश पर प्रशिक्षु उप निरीक्षक लता साहू ने तत्काल कार्रवाई की। पीड़िता का कथन महिला पुलिस अधिकारी के माध्यम से दर्ज कराया गया।
छाल पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की और उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नासिर खान, उप निरीक्षक मदन पटले, प्रशिक्षु उप निरीक्षक लता साहू, आरक्षक सुरेन्द्र बंशी और राजेश राठौर की अहम भूमिका रही।


