शेयर करें...
रायपुर// रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए जिला प्रशासन द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, राजनांदगांव में 26 फरवरी 2026 को प्लेसमेंट कैम्प का आयोजन किया जाएगा। कैम्प का समय सुबह 10.30 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित किया गया है। इस प्लेसमेंट कैम्प के माध्यम से विभिन्न निजी कंपनियां स्थानीय अभ्यर्थियों को रोजगार के अवसर प्रदान करेंगी।
उप संचालक रोजगार ने जानकारी देते हुए बताया कि कैम्प में कई प्रतिष्ठित निजी कंपनियां भाग लेंगी। Shiv Shakti Agritech Private Limited, तेलीबांधा रायपुर द्वारा सेल्स रिप्रेसेंटेटिव के 6 पदों पर भर्ती की जाएगी। वहीं Sansur Srishti Enterprises, बजरंग चौक तुलसीपुर राजनांदगांव द्वारा विभिन्न पदों के लिए अवसर उपलब्ध कराए गए हैं। इन पदों में एचआर के 3 पद, डेवलपमेंट मैनेजर के 5 पद, टीम लीडर के 2 पद, सेल्स एक्सीक्यूटिव के 10 पद तथा ब्रांच मैनेजर के 7 पद शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त Safe Intelligent Security Services, भिलाई जिला दुर्ग द्वारा भी कैम्प में बड़ी संख्या में भर्ती की जाएगी। कंपनी द्वारा सिक्यूरिटी गार्ड के 20 पद, सिक्यूरिटी सुपरवाइजर के 5 पद, फिल्ड ऑफिसर के 6 पद तथा मार्केटिंग मैनेजर के 2 पदों पर अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।
रोजगार विभाग के अधिकारियों के अनुसार, यह प्लेसमेंट कैम्प विशेष रूप से उन युवाओं के लिए लाभकारी साबित होगा, जो निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर तलाश रहे हैं। कैम्प में भाग लेने के इच्छुक अभ्यर्थियों को अपने सभी आवश्यक दस्तावेज जैसे शैक्षणिक प्रमाण पत्र, पहचान पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो एवं बायोडाटा साथ लाने की सलाह दी गई है।


