ASI पर रिश्वतखोरी का गंभीर आरोप, कोर्ट में पेश करने के नाम पर पैसों की डिमांड, महिला ने एसपी से की शिकायत..

शेयर करें...

राजनांदगांव// छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव के बसंतपुर थाना क्षेत्र में पुलिस पर रिश्वतखोरी का गंभीर आरोप सामने आया है। एक महिला ने दावा किया है कि थाना में पदस्थ एएसआई गोवर्धन देशमुख और पुलिसकर्मी लक्ष्मण टंडन ने उसके पति के केस का चालान कोर्ट में पेश करने के नाम पर 30,000 रुपये की मांग की। महिला ने इसकी लिखित शिकायत पुलिस अधीक्षक से कर न्याय की मांग की है।

Join WhatsApp Group Click Here

झगड़े को बनाया लूट का मामला

शिकायतकर्ता महिला के अनुसार, 14 सितंबर को मोहारा बायपास स्थित एक सीमेंट दुकान के पास दोपहर 2 से 3 बजे के बीच कुछ लोगों के बीच विवाद हुआ था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर झगड़े में शामिल लोगों को हिरासत में ले लिया, जिसमें उसका पति भी था। महिला का आरोप है कि पुलिस ने उसके पति पर जबरदस्ती लूट का केस दर्ज कर जेल भेज दिया।

रिश्वत मांगने का आरोप

महिला ने बताया कि घटना के लगभग एक महीने बाद, जब वह बसंतपुर थाना पहुंची, तो एएसआई और एक पुलिसकर्मी ने उसके पति के केस का चालान कोर्ट में पेश करने के लिए 30,000 रुपये की मांग की। महिला ने आरोप लगाया कि एएसआई प्रार्थी पक्ष के साथ मिलीभगत कर रहे हैं और पैसे नहीं मिलने तक चालान पेश नहीं किया जा रहा है।

एसपी से की शिकायत, जांच की मांग

महिला ने इस मामले की लिखित शिकायत पुलिस अधीक्षक कार्यालय में सौंपते हुए जांच की मांग की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल देव शर्मा ने बताया कि शिकायत प्राप्त हो चुकी है और मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Scroll to Top