शेयर करें...
रायपुर// छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। तेलीबांधा थाना क्षेत्र स्थित पुरैना विधायक कॉलोनी में एयरफोर्स के विंग कमांडर ने अपने घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम मामले की जांच में जुट गई है।
मृतक की पहचान एयरफोर्स के विंग कमांडर विपुल यादव (39) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से हरियाणा के निवासी थे। वे रायपुर में तैनात थे और छत्तीसगढ़ में एंटी नक्सल ऑपरेशन से जुड़े महत्वपूर्ण दायित्व भी संभाल रहे थे। बताया जा रहा है कि वे पुरैना स्थित विधायक कॉलोनी के बंगला नंबर 79 में अपने परिवार के साथ रहते थे।
घटना की जानकारी उस समय सामने आई जब सुबह घर में काम करने वाली मेड चाय देने के लिए उनके कमरे में पहुंची। दरवाजा खुलने पर उसने विंग कमांडर को पंखे से लटका हुआ देखा। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही Raipur पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए और जांच शुरू कर दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की चार सदस्यीय टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और कई अहम साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मृतक का मोबाइल फोन भी अपने कब्जे में ले लिया है, हालांकि फोन लॉक होने के कारण फिलहाल उसमें मौजूद जानकारी सामने नहीं आ पाई है।
पुलिस के अनुसार घटना के समय विंग कमांडर के दोनों बच्चे घर में ही मौजूद थे। उनका 9 साल का बेटा और 7 साल की बेटी दूसरे कमरे में सो रहे थे। बताया जा रहा है कि उनकी पत्नी काम के सिलसिले में दिल्ली गई हुई थीं। दंपति की शादी वर्ष 2014 में लव मैरिज के रूप में हुई थी।
जानकारी के मुताबिक विंग कमांडर की पत्नी पहले एयरफोर्स में अधिकारी थीं, लेकिन बाद में उन्होंने नौकरी छोड़ दी और फिलहाल आईटी सेक्टर की एक कंपनी में कार्यरत थीं। पुलिस की शुरुआती जांच में पति-पत्नी के बीच पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है, हालांकि अभी तक आत्महत्या के पीछे की सटीक वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।
घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ है, जिसके चलते पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। एयरफोर्स के वरिष्ठ अधिकारी भी घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
इस पूरे मामले में रमाकांत साहू, एसीपी सिविल लाइन पुलिस ने बताया कि विंग कमांडर विपुल यादव ने अपने घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या की है। फिलहाल तेलीबांधा थाना में मर्ग कायम कर लिया गया है और पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।


