ताबड़तोड़ कार्रवाई के बाद थमे अवैध परिवहन के पहिए: कंटगपाली में 8 ट्रैक्टर जब्त, दिनभर सड़क पर पसरा सन्नाटा..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिले में अवैध खनिज परिवहन और उत्खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए ताबड़तोड़ कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी कड़ी में सरिया तहसील के ग्राम कंटगपाली में बिना वैध दस्तावेज के डोलोमाइट पत्थर परिवहन करते 8 ट्रैक्टरों को जब्त कर थाना सरिया के सुपुर्द किया गया है। बताया जा रहा है कि हाल ही में सामने आई शिकायत और खबरों के बाद प्रशासन ने तुरंत संज्ञान लेते हुए यह बड़ी कार्रवाई की है।

Join WhatsApp Group Click Here
सड़क किनारे क्रेशर में छिपे हुए ट्रैक्टर

टास्क फोर्स की संयुक्त कार्रवाई

जिले में गठित टास्क फोर्स में सरिया तहसील के तहसीलदार कोमल प्रसाद साहू और थाना प्रभारी प्रमोद यादव की संयुक्त टीम ने साथ मिलकर यह कार्रवाई की। निरीक्षण के दौरान कंटगपाली-मौहपाली क्षेत्र में कई ट्रैक्टर बिना किसी वैध दस्तावेज के डोलोमाइट परिवहन करते पाए गए, जिसके बाद मौके पर ही जब्ती की कार्रवाई की गई।

कार्रवाई के बाद सड़कों पर पसरा सन्नाटा

कार्रवाई के बाद थमे पहिए, सड़क पर पसरा सन्नाटा

इस कार्रवाई का सीधा असर क्षेत्र में देखने को मिला। अवैध पत्थर परिवहन करने वाले वाहनों के पहिए थम गए और पूरे दिन सड़क पर सन्नाटा छाया रहा। ई दौरान कार्रवाई से बचने के लिए कुछ वाहन सड़क किनारे झुंड में छिपते दिखे तो कुछ गोदामों में, जहां पहले लगातार ट्रैक्टरों की आवाजाही रहती थी, वहीं कार्रवाई के बाद मार्ग लगभग सूना नजर आया, जिससे प्रशासन की सख्ती साफ झलक रही है।

कार्रवाई से बचते हुए ट्रैक्टर

शिकायतों के बाद हुआ एक्शन

बता दें कि प्रशासन को इस क्षेत्र में लंबे समय से अवैध डोलोमाइट उत्खनन और परिवहन की शिकायतें मिल रही थीं। इसके अलावा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने भी गुरुवार को थाना प्रभारी सरिया को ज्ञापन सौंपा था, जिसमें यह बताया गया था कि ओवरलोड वाहनों के द्वारा लापरवाही पूर्वक वाहन चलाने के कारण सड़क पर पत्थर गिर रहे है जिससे दुर्घटनाएं हो रही है, इन्हीं शिकायतों के आधार पर शुक्रवार को यह विशेष अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान पकड़े गए सभी ट्रैक्टरों को सरिया थाने में सुरक्षित रखा गया है।

आगे भी जारी रहेगी सख्ती

सरिया तहसीलदार कोमल प्रसाद साहू ने स्पष्ट किया है कि इस कार्रवाई की रिपोर्ट जिला खनिज विभाग को भेजी जाएगी, जहां से जुर्माना और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि सरिया तहसील के अन्य क्षेत्रों में भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी, ताकि अवैध खनिज गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।

Scroll to Top