शेयर करें...
सारंगढ़ बिलाईगढ़// बरमकेला जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत धनीगांव में संचालित उचित मूल्य दुकान को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। राशन वितरण में गड़बड़ी और मृत हितग्राहियों के नाम पर अवैध राशन उठाव के आरोपों की जांच से असंतुष्ट ग्रामीणों ने एक बार फिर कलेक्टर से शिकायत की है।

ग्रामीणों का आरोप है कि धनीगांव की उचित मूल्य दुकान का संचालन कर रही अन्नपूर्णा महिला स्व सहायता समूह और उसके राशन विक्रेता द्वारा लंबे समय से नियमों की अनदेखी की जा रही थी। नियमित रूप से राशन वितरण नहीं किया जा रहा था और मृत लोगों के नाम पर राशन उठाकर गबन किया गया। इस मामले की शिकायत पहले भी की गई थी।
शिकायत के बाद एसडीएम सारंगढ़ द्वारा जांच कराई गई, लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि जांच एक पक्षीय रही और इसके बाद समूह व विक्रेता को बहाल कर दिया गया। इससे गांव के लोग नाराज हैं और जांच को निष्पक्ष नहीं मान रहे।
ग्राम पंचायत धनीगांव के सरपंच अभिषेक नायक, अभिमन्यु पटेल, उर्मिला पटेल सहित करीब 50 से 60 ग्रामीणों ने कलेक्टर को लिखित शिकायत सौंपते हुए दोबारा जांच कराने और अन्नपूर्णा महिला स्व सहायता समूह व राशन विक्रेता को हटाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक सही जांच नहीं होगी, तब तक उन्हें न्याय नहीं मिलेगा। इस मामले में कलेक्टर डॉ संजय कन्नौजे ने ग्रामीणों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
ग्रामीणों में बढ़ता आक्रोश
लगातार शिकायतों के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द निष्पक्ष जांच और कार्रवाई नहीं हुई तो वे धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। ऐसे में अब प्रशासन की भूमिका पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।




You must be logged in to post a comment.