शेयर करें...
बिलासपुर// बिलासपुर में पार्टी में बड़ा पद दिलाने के नाम पर ठगी का अजीबोगरीब मामला सामने आया है। सरकंडा क्षेत्र के एक युवक से राजनीतिक दल में पद दिलाने और बड़े नेताओं से संपर्क का दावा कर 82 लाख 63 हजार 194 रुपये लेने का आरोप महिला पर लगा है। शिकायत के बाद सरकंडा पुलिस ने मनेंद्रगढ़ के खोंगापानी निवासी निखत परवीन साबरी के खिलाफ अपराध दर्ज किया और उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक सरकंडा के श्री विहार निवासी चेतन आनंद दुबे की करीब एक साल पहले फेसबुक के जरिए निखत परवीन से पहचान हुई थी। बातचीत के दौरान महिला ने खुद को बीजेपी दल से जुड़ा कार्यकर्ता बताते हुए बड़े नेताओं से संपर्क होने का दावा किया। बताया गया है कि शुरुआत में महिला ने जमीन से जुड़े एक विवाद में युवक की मदद की। इससे युवक का उस पर भरोसा बढ़ गया। इसके बाद महिला ने उसे राजनीति में आने और पार्टी में बड़ा पद दिलाने का प्रस्ताव दिया।
पार्टी फंड के नाम पर किस्तों में लिए पैसे
शिकायत के अनुसार, पद दिलाने के नाम पर महिला ने पार्टी फंड और अन्य खर्चों का हवाला देकर अलग-अलग समय पर रकम जमा कराने को कहा। 11 जुलाई 2025 से 17 अगस्त 2026 के बीच युवक ने ऑनलाइन माध्यम से करीब 62 लाख 63 हजार 194 रुपये दिए, जबकि करीब 20 लाख रुपये नकद देने का दावा किया गया है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि कुछ रकम महिला की बहन के बैंक खाते में भी ट्रांसफर कराई गई थी। कुल रकम 82 लाख 63 हजार 194 रुपये बताई गई है। लाखों रुपये देने के बाद भी जब युवक को पार्टी में कोई पद नहीं मिला तो उसने महिला से रकम वापस मांगी।
शिकायत के मुताबिक इसके बाद महिला ने पैसे लौटाने से इनकार किया और बातचीत बंद कर दी। युवक ने बार-बार संपर्क किया तो उसे कथित तौर पर झूठे मामले में फंसाने की धमकी भी दी गई। इसके बाद उसने सरकंडा थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद सरकंडा पुलिस ने बैंक ट्रांजेक्शन और अन्य दस्तावेजों की जांच शुरू की। पुलिस टीम ने मनेंद्रगढ़ के खोंगापानी पहुंचकर निखत परवीन को हिरासत में लिया। पूछताछ और जांच के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेजे जाने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस के मुताबिक जांच के दौरान महिला के खिलाफ मनेंद्रगढ़ क्षेत्र में भी लोगों से पैसे लेने और धमकी देने से जुड़ी शिकायतों की जानकारी सामने आई है। पुलिस इन शिकायतों और अन्य आपराधिक मामलों से जुड़े तथ्यों की भी जांच कर रही है। हालांकि, राजनीतिक दल से महिला के वास्तविक जुड़ाव और पद दिलाने के दावे की पुलिस स्तर पर भी जांच की जा रही है। उपलब्ध पुलिस जानकारी के मुताबिक महिला द्वारा पार्टी से जुड़ा होने का दावा किए जाने की बात सामने आई है।



You must be logged in to post a comment.