शेयर करें...
रायपुर// शहर के टिकरापारा इलाके में किराये के मकान में चल रही प्रार्थना सभा को लेकर रविवार को जमकर हंगामा हुआ। हिंदू जागरण मंच ने सभा का विरोध करते हुए आरोप लगाया कि इसकी आड़ में ग्रामीणों को धर्मांतरण के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
मामले की जानकारी मिलने के बाद हिंदू संगठन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और विरोध जताया। इस दौरान दोनों पक्षों की ओर से नारेबाजी हुई। मौके पर मौजूद पुलिस प्रशासन और हिंदू संगठन के लोगों के बीच भी बहस की स्थिति बनी।
हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। हिंदू संगठन के कार्यकर्ता कथित धर्मांतरण के मामले में कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।
वहीं, पुलिस अधिकारियों ने पूरे मामले की जांच का आश्वासन दिया, जिसके बाद मौके पर स्थिति शांत हुई। फिलहाल पुलिस प्रार्थना सभा और लगाए गए धर्मांतरण के आरोपों की जांच कर रही है। जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


