शेयर करें...
धमतरी// कांकेर का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि अब धमतरी में धर्मांतरित महिला के शव दफनाने को लेकर विवाद हो गया। मामला नगरी विकासखंड अंतर्गत बोराई ग्राम का है, जहां साहू परिवार की एक महिला की मृत्यु के बाद उसके शव को दफनाने को लेकर गांव में सहमति नहीं बन सकी। महिला द्वारा ईसाई धर्म अपनाए जाने की बात सामने आने के बाद यह विवाद और गहरा गया, जिससे गांव से लेकर नगरी नगर क्षेत्र तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
जानकारी के अनुसार, मृत महिला बोराई ग्राम की निवासी थी और साहू परिवार से संबंधित थी। महिला की मौत के बाद परिजनों ने गांव में ही शव दफनाने की तैयारी की, लेकिन ग्रामवासियों ने इसका विरोध करते हुए बोराई में शव दफनाने से इनकार कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि धार्मिक परंपराओं और सामाजिक सहमति के बिना गांव में शव दफन करना स्वीकार्य नहीं है।
गांव में विरोध के बाद परिजन महिला के शव को लेकर नगरी ब्लॉक मुख्यालय पहुंचे। यहां नगरी नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक एक में शव दफनाने की तैयारी शुरू कर दी गई और परिजनों ने जमीन में गड्ढा भी खोदना शुरू कर दिया। इसकी सूचना मिलते ही स्थानीय हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और नगरी में शव दफनाने का कड़ा विरोध जताया।
हिंदू संगठनों का कहना था कि यदि महिला ने ईसाई धर्म अपना लिया है, तो उसका अंतिम संस्कार ईसाई रीति-रिवाजों के अनुसार क्रिश्चियन कब्रिस्तान में ही किया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बिना अनुमति और बिना स्थानीय सहमति के नगरी क्षेत्र में शव दफन करना कानून व्यवस्था की दृष्टि से गलत है।
इस विवाद के चलते नगरी में कई घंटों तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए एसडीएम नगरी और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एडीशनल एसपी) स्वयं मौके पर पहुंचे। पुलिस बल की तैनाती की गई और दोनों पक्षों से लगातार बातचीत कर मामले को सुलझाने का प्रयास किया गया।
प्रशासन द्वारा काफी समझाइश और प्रयास किए गए, लेकिन इसके बावजूद नगरी में शव दफनाने की अनुमति नहीं दी गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचने के लिए यह निर्णय लिया गया। आखिरकार प्रशासन की मौजूदगी में महिला के शव को वापस बोराई ग्राम ले जाने का निर्णय लिया गया। शव को पुलिस सुरक्षा के बीच वापस गांव भेजा गया, ताकि आगे की प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से हो सके।


