ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सरिया के अध्यक्ष बने उग्रसेन साहू, शीर्ष नेतृत्व का जताया आभार..

शेयर करें...

सारंगढ़ बिलाईगढ़// लंबे इंतजार के बाद प्रदेश के 307 अध्यक्षों सहित सरिया ब्लॉक कांग्रेस कमेटी को नया अध्यक्ष मिल गया है। मकर संक्रांति के पावन अवसर पर बुधवार 14 जनवरी को उग्रसेन साहू को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सरिया का अध्यक्ष घोषित किया गया। इस घोषणा के साथ ही क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं और खासकर युवाओं में उत्साह की लहर दौड़ गई।

Join WhatsApp Group Click Here

बता दे ग्राम साल्हेओना निवासी उग्रसेन साहू एक साधारण परिवार से आते हैं। उन्हें 29 फरवरी 2024 को ब्लॉक कांग्रेस का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था। करीब दो वर्षों तक कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में रहते हुए उन्होंने पार्टी संगठन को मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभाई। इस दौरान उन्होंने पार्टी के दिशा-निर्देशों के अनुसार बैठकें, धरना-प्रदर्शन और ज्ञापन जैसे कई कार्यक्रमों का सफल संचालन किया।

उनकी सक्रिय कार्यशैली और संगठन को एकजुट रखने की क्षमता को देखते हुए पार्टी ने उन्हें अब पूर्णकालिक ब्लॉक अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। उग्रसेन साहू की नियुक्ति से सरिया क्षेत्र के बूथ, सेक्टर, मंडल और ब्लॉक स्तर के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि उनके नेतृत्व में पार्टी संगठन और अधिक मजबूत होगा।

अध्यक्ष बनाए जाने पर उग्रसेन साहू ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष ताराचंद देवांगन, पूर्व कैबिनेट मंत्री उमेश पटेल, प्रदेश प्रतिनिधि शरद यादव और प्रदेश सचिव अमरजीत सिंह आहूजा के प्रति आभार जताया। साथ ही उन्होंने बूथ से लेकर जिला स्तर तक के सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं का दिल से धन्यवाद करते हुए संगठन को मजबूती से आगे बढ़ाने की बात कही।

Scroll to Top