शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// सारंगढ़ से बिलासपुर जाने वाले मुख्य मार्ग पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। चंदाई पेट्रोल पंप के पास एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नीम के पेड़ से जा टकराई। हादसे में 20 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार कार में दो लोग सवार थे। वाहन चालक आर्यन अजग्गले, जो सारंगढ़ के खैरहा क्षेत्र निवासी कृष्णा अजग्गले का पुत्र बताया जा रहा है, हादसे में मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं कार में सवार उसकी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल लड़की को तुरंत स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे रायगढ़ रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि दोनों भाई-बहन सुबह अपने घर से किसी काम से चंदाई की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में कार अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई और यह दर्दनाक हादसा हो गया।
मृतक आर्यन की उम्र करीब 19 से 20 वर्ष बताई जा रही है, जबकि घायल बहन की उम्र लगभग 16 से 17 वर्ष है। घटना की खबर मिलते ही परिवार और गांव में शोक का माहौल है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।


