मीना बाजार में हुई मुलाकात, फिर प्रेमजाल में फंसाकर बनाया बंधक, फोटो वायरल करने की धमकी देकर मांगे 50 हजार, पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल..

शेयर करें...

रायगढ़// मीना बाजार में हुई एक सामान्य मुलाकात के बाद शुरू हुई बातचीत कब कथित तौर पर युवती को अपने कब्जे में रखने और ब्लैकमेलिंग तक पहुंच गई, इसकी कहानी चौंकाने वाली है। चक्रधरनगर पुलिस ने 24 वर्षीय विवाहिता युवती को रायपुर और रायगढ़ में कथित तौर पर बंधक बनाकर रखने वाले युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी युवक युवती को बदनाम करने की धमकी देकर उससे 50 हजार रुपये की मांग कर रहा था।

Join WhatsApp Group Click Here

मीना बाजार में हुई थी पहली मुलाकात

पुलिस के अनुसार, 1 सितंबर को युवती अपनी सहेली के साथ सावित्री नगर स्थित मीना बाजार मेला देखने गई थी। वहीं उसकी मुलाकात अजरूदीन अली उर्फ अज्जू, उम्र 20 वर्ष, निवासी मौदहापारा, थाना जूटमिल, रायगढ़ से हुई। दोनों के बीच बातचीत हुई और मोबाइल नंबर का आदान-प्रदान हो गया।

इसके बाद दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत शुरू हुई। पुलिस के मुताबिक आरोपी युवती पर रायपुर आने और वहां होटल में रुकने के लिए दबाव बनाने लगा। आरोप है कि बाद में वह युवती को अपने परिचित के रायपुर स्थित होटल में ले गया और वहां रुकवाया।

रायपुर के होटल से निकलना भी मुश्किल बताया

युवती के कथन के मुताबिक, आरोपी ने होटल में अपना परिचय दिखाकर उसे चेकआउट करने नहीं दिया। किसी तरह युवती 13 सितंबर को ट्रेन से रायगढ़ पहुंची, लेकिन आरोप है कि रायगढ़ रेलवे स्टेशन से आरोपी उसे जबरदस्ती अपने साथ एक होटल में ले गया। पुलिस के अनुसार, युवती को वहां एक रात रखा गया और उसे होटल से बाहर जाने नहीं दिया गया। जब युवती ने घर जाने की जिद की तो आरोपी उसे ऑटो से अटल विहार, कोतरारोड़ स्थित एक मकान में ले गया।

फोटो वायरल करने की धमकी, मांगे 50 हजार

युवती ने पुलिस को बताया कि अटल विहार स्थित मकान में भी उसे कथित तौर पर बंधक बनाकर रखा गया। आरोप है कि आरोपी ने मीना बाजार के दौरान लिए गए फोटो और उसके साथ रहने की बात को लेकर युवती को रायगढ़ में बदनाम करने की धमकी दी। पुलिस के मुताबिक आरोपी युवती से कहता था कि उस पर 50 हजार रुपये से ज्यादा खर्च हो चुके हैं और जब तक वह 50 हजार रुपये नहीं देगी, तब तक उसे जाने नहीं दिया जाएगा।

गुमशुदगी की रिपोर्ट के बाद पुलिस ने शुरू की तलाश

इधर, युवती के घर नहीं पहुंचने पर उसकी मां ने 5 सितंबर को थाना चक्रधरनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 451/2026 के तहत धारा 140(3) बीएनएस में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर युवती की लोकेशन का पता लगाया। इसके बाद 16 सितंबर को पुलिस टीम ने अटल विहार, कोतरारोड़ स्थित मकान में दबिश दी।

पुलिस पहुंची तो युवती मिली, आरोपी भी पकड़ा गया

पुलिस के मुताबिक दबिश के दौरान युवती को सकुशल दस्तयाब कर लिया गया। मौके से आरोपी अजरूदीन अली उर्फ अज्जू को भी गिरफ्तार किया गया। महिला पुलिस अधिकारी ने युवती का कथन दर्ज किया, जिसके आधार पर मामले की आगे जांच की जा रही है।

पुलिस ने आरोपी को 16 सितंबर को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। फिलहाल पुलिस आरोपी के मोबाइल फोन की भी जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

एसएसपी ने कहा- महिलाओं की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि किसी महिला को बहला-फुसलाकर बंधक बनाने, धमकाने या ब्लैकमेल करने की शिकायत मिलने पर पुलिस त्वरित और प्रभावी वैधानिक कार्रवाई करेगी। पुलिस अब आरोपी के मोबाइल और मामले से जुड़े अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। विवेचना पूरी होने के बाद मामले में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Scroll to Top