तौसीर में दिनदहाड़े सूने मकान में चोरी, 3 तोला सोना-50 तोला चांदी समेत डेढ़ लाख नगद पार..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// बरमकेला थाना क्षेत्र के ग्राम तौसीर में अज्ञात चोरों ने दिनदहाड़े सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुए और अलमारी में रखे करीब 3 तोला सोना, 50 तोला चांदी तथा लगभग 1.50 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से गांव में हड़कंप मच गया है।

Join WhatsApp Group Click Here

मिली जानकारी के अनुसार ग्राम तौसीर निवासी आनंद कुमार नायक, पिता कृष्णराम नायक, उम्र करीब 36 वर्ष, खेती-किसानी का काम करते हैं। 23 सितंबर 2026 की सुबह करीब 10:30 बजे आनंद कुमार अपने पूरे परिवार के साथ घर में ताला लगाकर खेत में काम करने चले गए थे। शाम करीब 4:30 बजे जब परिवार वापस घर पहुंचा तो मुख्य दरवाजे पर लगा ताला गायब था।

घर के अंदर जाने पर सामान अस्त-व्यस्त मिला। इसके बाद अलमारी की जांच की गई तो उसके अंदर रखी नकदी और जेवरात गायब मिले। पीड़ित के मुताबिक अज्ञात चोरों ने अलमारी तोड़कर करीब 1,50,000 रुपये नगद, लगभग 3 तोला सोना, जिसकी कीमत करीब 1,20,000 रुपये बताई गई है, तथा करीब 50 तोला चांदी, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 50,000 रुपये है, चोरी कर ली।

परिवार के घर से बाहर रहने के दौरान सुबह 10:30 बजे से शाम 4:30 बजे के बीच वारदात को अंजाम दिया गया। इससे आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने पहले मकान की रेकी की होगी और परिवार के बाहर जाते ही मौका पाकर घर का ताला तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने बरमकेला पुलिस थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ बीएनएस की धारा 331(3) और 305 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही चोरी की वारदात से जुड़े संभावित सुरागों की तलाश कर रही है। दिनदहाड़े सूने मकान में हुई इस बड़ी चोरी से ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। अब पुलिस के सामने चुनौती चोरी के आरोपी तक पहुंचने के साथ-साथ चोरी गए सोने-चांदी और नकदी की बरामदगी की है।

Scroll to Top