शेयर करें...
सारंगढ़–बिलाईगढ़// थाना सरिया क्षेत्र के ग्राम बोंदा के डिपापारा में एक शिक्षक के सूने मकान में चोरी का मामला सामने आया है। अज्ञात चोरों ने मकान के दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर रखी अलमारी से नकदी और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(3) और 305(ए) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, प्राथमिक शाला पंचधार में पदस्थ शिक्षक देवेंद्र सिंह राजपूत करीब आठ दिन पहले अपने परिवार के साथ उत्तर प्रदेश स्थित अपने पैतृक गांव पितृ पिंडदान के लिए गए थे। इसी दौरान 6 अक्टूबर 2026 को उन्होंने गांव के निवासी आकाश निषाद को फोन कर अपने घर में चोरी होने की जानकारी दी और जाकर देखने को कहा।
सूचना मिलने पर आकाश निषाद गांव के सरपंच गोवर्धन निषाद, उपसरपंच अर्जुन रात्रे और मोहल्ले के अन्य लोगों के साथ शिक्षक के घर पहुंचे। वहां मकान के दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। घर के अंदर जाकर देखने पर कमरे में रखी अलमारी का लॉक भी टूटा था और कपड़े, चूड़ियां सहित अन्य सामान बिखरा पड़ा था।
इसके बाद आकाश निषाद ने फोन पर शिक्षक को घर की स्थिति की जानकारी दी। शिक्षक ने बताया कि अलमारी में रखे 50 हजार रुपये नकद, सोने के कान के टॉप्स, सोने की नाक की फुल्ली और चांदी की एक जोड़ी पायल गायब हैं। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 70 हजार रुपये बताई गई है।
घटना के संबंध में आकाश निषाद ने थाना सरिया में लिखित आवेदन देकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। शिक्षक और उनके परिवार के वापस लौटने के बाद चोरी गए सामान के संबंध में विस्तृत जानकारी मिलने की बात कही गई है। फिलहाल अज्ञात चोरों की तलाश और मामले की जांच जारी है।



