पुलिस के साथ चोर खोजता रहा चोर : पवनी क्षेत्र में हुई लाखों की चोरी का पुलिस ने 24 घंटे में किया खुलासा, टेंट कर्मी निकला चोर..

शेयर करें...

सारंगढ़ बिलाईगढ़// सारंगढ़ के पवनी क्षेत्र में शिक्षक रामलाल साहू के घर हुई बड़ी चोरी की वारदात का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने कौशिक प्रधान नामक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जो पेशे से टेंट लगाने का काम करता है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने शादी समारोह के दौरान घर में मिले अवसर का फायदा उठाकर अलमारी से नकदी और जेवरात चुरा लिए थे।

Join WhatsApp Group Click Here

दरअसल शिक्षक रामलाल साहू ने 12 फरवरी को पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने उल्लेख किया कि 11 फरवरी को दोपहर करीब 2 से 2:30 बजे के बीच वे अपने परिवार के साथ कसडोल कार खरीदने गए थे। रात लगभग 10 से 10:30 बजे घर लौटने पर उन्हें मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। जांच में सामने आया कि घर की अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और आधार कार्ड सहित कुल 7,41,500 रुपये मूल्य की संपत्ति चोरी हो चुकी थी। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की।

शादी समारोह बना वारदात का कारण

पुलिस जांच के दौरान शिक्षक और उनके परिवार से विस्तृत पूछताछ की गई। परिवार ने बताया कि 6 से 8 फरवरी तक उनकी छोटी बेटी नमिता साहू की शादी थी। इस दौरान घर में मेहमानों, ग्रामीणों, टेंट, कैटरिंग और कैमरा कर्मियों का लगातार आना-जाना लगा हुआ था। पुलिस ने इस जानकारी के आधार पर शादी में शामिल सभी बाहरी कर्मियों और कामगारों से क्रमवार पूछताछ शुरू की।पूछताछ के दौरान कौशिक प्रधान नामक टेंट कर्मी के व्यवहार में असामान्य घबराहट देखी गई। पुलिस ने संदेह के आधार पर उससे सख्ती से पूछताछ की। साथ ही डॉग स्क्वॉड की सहायता भी ली गई, जिससे जांच की दिशा स्पष्ट हुई।

लालच बना अपराध की वजह

एसडीओपी विजय ठाकुर के अनुसार, पूछताछ में कौशिक प्रधान ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। आरोपी ने बताया कि शादी समारोह के दौरान उसने शिक्षक रामलाल साहू को अलमारी से पैसे निकालते और गिनते देखा था। इसी दौरान उसके मन में लालच पैदा हुआ।

आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि उसके परिवार पर लगभग एक लाख रुपये का कर्ज है और आर्थिक तंगी के कारण उसने चोरी की योजना बनाई। उसने 11 फरवरी को मौका देखकर घर के पास पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। घर पर ताला लगा होने और आसपास सन्नाटा होने पर उसने रात करीब 8 बजे आंगन में पड़े लोहे के सब्बल और कुदाली की मदद से दरवाजे का ताला तोड़ दिया। घर में प्रवेश करने के बाद आरोपी ने अलमारी का ताला भी तोड़ा और उसमें रखे बैग से नकदी व जेवरात लेकर फरार हो गया।

पुलिस के साथ चोर खुद खोजता रहा चोर

मामले की गंभीरता को समझते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एडिशनल एसपी और एसडीओपी स्वयं जांच करने पुलिस की टीम के साथ घटना स्थल पहुंचे थे। इस दौरान चोरी की वारदात को अंजाम देने वाला चोर कौशिक प्रधान भी पुलिस को गुमराह करने के लिए उनके साथ चोर को ढूंढता रहा। अंत में डॉग स्क्वाड की मदद से कड़ाई से पूछताछ किया गया तब उसने चोरी करना कबूल किया।

चोरी का सामान बरामद

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की गई पूरी संपत्ति बरामद कर ली है। एसडीओपी ने बताया कि इस कार्रवाई में डॉग स्क्वॉड और क्षेत्रीय पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका रही।

Scroll to Top