शेयर करें...
बिलासपुर// छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के मस्तूरी थाना क्षेत्र के जयरामनगर में रविवार रात एक ज्वेलरी दुकान में अजीबोगरीब लेकिन संगठित अंदाज में चोरी की घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी. चोरों के गिरोह ने न केवल दुकान का शटर तोड़कर लाखों की चांदी चुरा ली बल्कि जिस वेशभूषा में वे आए थे, उसने सभी को चौंका दिया. यह घटना न केवल व्यापारियों के लिए एक चेतावनी है बल्कि यह भी दर्शाती है कि अब अपराधी किस हद तक योजना बनाकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
घटना जयरामनगर स्थित संजय ज्वेलर्स नामक दुकान की है, जहां रविवार देर रात चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर लाखों की चांदी पर हाथ साफ कर दिया. सोमवार सुबह जब स्थानीय लोगों ने दुकान का टूटा हुआ शटर देखा, तो उन्होंने तत्काल पुलिस और संचालक संजय सोनी को सूचना दी. पुलिस मौके पर पहुंची और डॉग स्क्वॉड व फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की मदद से जांच शुरू की. प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पांच सदस्यीय गिरोह ने इस चोरी को अंजाम दिया. सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि सभी चोर नाइटी पहनकर और कार्टून के मास्क लगाकर आए थे, जिससे साफ होता है कि यह पूरी तरह योजनाबद्ध वारदात थी.

सीसीटीवी में कैद वारदात
सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि चोर रात करीब दो बजे दुकान में घुसे और गहनों को बोरियों में भरकर फरार हो गए. संचालक के अनुसार, दुकान में केवल चांदी के गहने और शो के लिए रखे नकली जेवर थे, जबकि कीमती सोने के गहने रोज की तरह वह घर ले गए थे.
मस्तूरी टीआई हरीश तांडेकर ने बताया कि चोरी गए चांदी के गहनों और शो केस आइटम की कुल अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 40 हजार रुपये है. हालांकि जिस प्रोफेशनल अंदाज में चोरों ने इस वारदात को अंजाम दिया, उसने पुलिस और व्यापारियों को सकते में डाल दिया है.


You must be logged in to post a comment.