खाद्य अधिकारी गणेशराम कुर्रे के तबादले पर छलका समाज और कर्मचारियों का दर्द, सतनाम भवन में भावभीनी विदाई देकर कार्यशैली को किया याद..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिला खाद्य अधिकारी गणेशराम कुर्रे के अल्प समय में हुए स्थानांतरण से समाजजनों और कर्मचारी संगठनों में निराशा देखी जा रही है। उनके स्थानांतरण पर सतनामी विकास परिषद सारंगढ़ एवं कर्मचारी संघ की ओर से सतनाम भवन कुटेला में विदाई सह सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान समाज के लोगों और कर्मचारियों ने उनके कार्यकाल को याद करते हुए भावभीनी विदाई दी। वक्ताओं ने उनके स्थानांतरण पर खेद जताते हुए शासन के निर्णय पर नाराजगी भी व्यक्त की।

Join WhatsApp Group Click Here

अल्प कार्यकाल में बनाई अलग पहचान

समारोह में वक्ताओं ने कहा कि गणेशराम कुर्रे ने अपने अल्प कार्यकाल में ईमानदार, कर्तव्यनिष्ठ, जिम्मेदार और संवेदनशील अधिकारी के रूप में अपनी पहचान बनाई। उन्होंने शासकीय दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा से किया और सामाजिक सरोकारों के साथ कर्मचारी हितों के प्रति भी सकारात्मक दृष्टिकोण रखा। वक्ताओं का कहना था कि ऐसे अधिकारी का इतनी जल्दी स्थानांतरण होना समाज और कर्मचारियों के लिए निराशाजनक है।

कर्मचारी नेता लैलून भारद्वाज ने की कार्यशैली की सराहना

छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन के प्रदेश संयुक्त सचिव एवं छत्तीसगढ़ क्रांतिकारी शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष लैलून कुमार भारद्वाज ने गणेशराम कुर्रे की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि वे मिलनसार, जुझारू, ईमानदार और जिम्मेदार अधिकारी हैं। उनकी उत्कृष्ट सेवाएं, सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति समर्पण और कर्मचारियों के साथ सद्भावनापूर्ण व्यवहार हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने कुर्रे के आगामी कार्यकाल और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

समाज ने कहा, उनकी सेवाएं हमेशा रहेंगी याद

सतनामी विकास परिषद सारंगढ़ के अध्यक्ष बी.डी. भारद्वाज ने कहा कि गणेशराम कुर्रे ने अपने शासकीय कर्तव्यों का निर्वहन सराहनीय ढंग से किया। सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति उनकी सक्रियता अन्य अधिकारी-कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत है। समाज उनकी सेवाओं और सकारात्मक कार्यशैली को हमेशा याद रखेगा। उन्होंने भी इतने कम समय में उनके स्थानांतरण पर खेद व्यक्त किया।

सम्मान से अभिभूत हुए गणेशराम कुर्रे

दीपावली की व्यस्तता के बावजूद समाज के बुद्धिजीवी, सामाजिक कार्यकर्ता, कर्मचारी नेता और बड़ी संख्या में पदाधिकारी सतनाम भवन कुटेला पहुंचे। सम्मान से अभिभूत जिला खाद्य अधिकारी जी.आर. कुर्रे ने कहा कि सारंगढ़ के प्रबुद्धजनों और आम नागरिकों से उन्हें हमेशा स्नेह और आशीर्वाद मिला है। यहां उनका अनुभव बेहद अच्छा रहा। यहां के लोगों का अपनापन और सहयोग वे हमेशा याद रखेंगे। उन्होंने सभी के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सम्मान से वे स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।

समाज और कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में सतनामी विकास परिषद अध्यक्ष बी.डी. भारद्वाज, उपाध्यक्ष एडवोकेट रमेश अनंत, सचिव तेजश्वर रात्रे, कर्मचारी संघ प्रदेश अध्यक्ष लैलून कुमार भारद्वाज, एडवोकेट ऊधो राम कोसले, पूर्व अध्यक्ष के.एल. जांगड़े, पूर्व अध्यक्ष शंकर जांगड़े सहित बड़ी संख्या में समाज के कर्मचारी नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Scroll to Top