शेयर करें...
रायपुर// छत्तीसगढ़ अब क्रिकेट के नक्शे पर तेजी से उभरता हुआ बड़ा केंद्र बन गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल और सक्रिय प्रयासों के बाद राज्य में अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट मुकाबलों का सिलसिला लगातार बढ़ रहा है। इसी कड़ी में अब इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के दो मुकाबले रायपुर में आयोजित किए जाएंगे। यह छत्तीसगढ़ के खेल प्रेमियों के लिए बड़ी सौगात मानी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, डिफेंडिंग चैंपियन RCB ने इस सीजन में रायपुर को भी अपना होम ग्राउंड बनाने का निर्णय लिया है। टीम अपने सात घरेलू मुकाबलों में से पांच मैच बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेलेगी, जबकि दो मैच रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में आयोजित होंगे।
बताया जा रहा है कि हाल ही में RCB फ्रेंचाइजी टीम ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर रायपुर में मैच आयोजित करने की स्वीकृति का अनुरोध किया था। मुख्यमंत्री की सहमति और सकारात्मक रुख के बाद यह निर्णय संभव हो सका। राजनीतिक और खेल विश्लेषकों का मानना है कि मुख्यमंत्री की खेलों के प्रति प्रतिबद्धता और राज्य में बेहतर बुनियादी ढांचे के विकास ने छत्तीसगढ़ को यह अवसर दिलाया है।
गौरतलब है कि इसी वर्ष छत्तीसगढ़ में दो वनडे अंतरराष्ट्रीय मुकाबले सफलतापूर्वक आयोजित किए जा चुके हैं, जिससे राज्य की आयोजन क्षमता पर भरोसा और मजबूत हुआ है। रायपुर का शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम आधुनिक सुविधाओं से लैस है और पहले भी IPL मुकाबलों की मेजबानी कर चुका है। अब एक बार फिर यहां IPL के दो बड़े मुकाबले होने से स्थानीय क्रिकेट प्रेमियों को डिफेंडिंग चैंपियन RCB को लाइव देखने का मौका मिलेगा।
बता दें कि पिछले सीजन में पहली बार खिताब जीतने के बाद बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में आयोजित विजय समारोह के दौरान भगदड़ की घटना के बाद वहां मैचों को लेकर अनिश्चितता बनी हुई थी। कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ और फ्रेंचाइजी अधिकारियों के बीच लंबी चर्चा के बाद यह तय किया गया कि पांच मुकाबले बेंगलुरु में ही होंगे, जबकि दो रायपुर में कराए जाएंगे। इस निर्णय की जानकारी भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) को भी दे दी गई है। हालांकि IPL 2026 का आधिकारिक शेड्यूल अभी घोषित नहीं हुआ है, लेकिन रिपोर्ट्स के अनुसार टूर्नामेंट 28 मार्च से शुरू होकर 31 मई तक चल सकता है।
छत्तीसगढ़ के लिए यह केवल खेल आयोजन नहीं, बल्कि पर्यटन, व्यापार और स्थानीय रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा देने वाला कदम है। होटल, परिवहन और अन्य सेवाओं को इससे सीधा लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार खेल अधोसंरचना को सुदृढ़ करने और बड़े आयोजनों को आकर्षित करने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है।



