जंगली सुअर के लिए बिछाया था करंट, शिकारी खुद बन गया शिकार, हुई मौत..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// जंगली सुअरों से फसलों को बचाने के नाम पर बिछाए जा रहे बिजली करंट ने एक और जान ले ली। सरिया थाना क्षेत्र में एक शिकारी खुद उसी करंट की चपेट में आ गया, जिसे उसने या उसके साथियों ने शिकार के लिए लगाया था। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है, वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

Join WhatsApp Group Click Here

टार तालाब किनारे मिला शव, पास में मिला शिकारी कुत्ता भी मृत

मिली जानकारी के अनुसार ग्राम दादरपाली के टार तालाब किनारे शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे एक युवक का शव पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने मृतक की पहचान ग्राम मारोदरहा निवासी राजू बिंझवार (35 वर्ष), पिता कन्हैया के रूप में की। घटनास्थल पर जंगली सुअर के शिकार के लिए बिछाया गया जेई तार, लकड़ी के खूंटी और पास में एक टंगिया मिला। वहीं एक शिकारी कुत्ता भी करंट की चपेट में मृत पाया गया, जिससे साफ है कि करंट काफी खतरनाक तरीके से फैलाया गया था।

250 मीटर तक बिछा था करंट का जाल, साथियों पर शक

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि करंट के लिए बिछाया गया तार केनाभांठा खार-खेत की ओर से करीब 250 मीटर तक फैला हुआ था और आगे जाकर काटा गया था। इससे आशंका जताई जा रही है कि मृतक अकेला नहीं था, बल्कि उसके साथ अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। हालांकि दादरपाली के ग्रामीणों ने करंट बिछाने से इंकार किया है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।

तीन साल पहले बचा, इस बार नहीं बच सका

बताया जा रहा है कि मृतक राजू बिंझवार तीन साल पहले भी इसी तरह की एक घटना में बाल-बाल बच गया था, जब मछली पकड़ने के दौरान करंट वाले तार की वजह से दो युवकों की मौत हो गई थी। इस बार वह जंगली सुअर के शिकार के लिए पहुंचा था, लेकिन खुद ही करंट की चपेट में आकर जान गंवा बैठा। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।

पुलिस की जांच जारी, जिम्मेदारों पर होगी कार्रवाई

मामले में विवेचना अधिकारी टीकाराम पटेल ने बताया कि मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। परिजनों और संभावित साथियों से पूछताछ की जाएगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने एक बार फिर अवैध तरीके से शिकार के लिए लगाए जा रहे करंट की खतरनाक सच्चाई को उजागर कर दिया है।

Scroll to Top