शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// भीम आर्मी भारत एकता मिशन छत्तीसगढ़ की जिला इकाई द्वारा निकाली जा रही पिछड़ा वर्ग अधिकार एवं सामाजिक न्याय यात्रा के प्रथम चरण का तीन दिवसीय दौरा ग्राम पंचायत आंदोला में समापन हुआ। यात्रा जिला उपाध्यक्ष अमित जायसवाल के नेतृत्व में आयोजित की गई, जिसमें प्रदेश उपाध्यक्ष खिलन प्रसाद साहू और प्रदेश महासचिव तुलेश दास महंत की प्रमुख भूमिका रही।
यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने विभिन्न गांवों और कस्बों में पहुंचकर पिछड़ा वर्ग समाज के लोगों को उनके संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक किया। इस दौरान कुल 12 पंचायतों में संपर्क अभियान चलाया गया और सरपंचों के माध्यम से मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपे गए। कार्यक्रम में भीम आर्मी के कार्यकर्ता, सदस्य और पिछड़ा वर्ग समाज के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए।
संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि ज्ञापन के माध्यम से पिछड़ा वर्ग समाज के मुद्दों को उठाते हुए इसकी प्रतिलिपि पिछड़ा वर्ग के मंत्रियों, राज्य और केंद्र पिछड़ा वर्ग आयोग, राज्यपाल, राष्ट्रपति तथा मुख्यमंत्री को भेजी गई है, ताकि यह विषय संसद और विधानसभा में उठाया जा सके।
प्रतिनिधियों का कहना है कि पिछले करीब 25 वर्षों से पिछड़ा वर्ग समाज अपने वास्तविक संवैधानिक अधिकारों से वंचित है। उन्होंने बताया कि संविधान के अनुच्छेद 340, 15(4) और 16(4) में सामाजिक और आर्थिक रूप से पिछड़े वर्गों को विशेष प्रावधान देने की व्यवस्था है, लेकिन इनका पूरा लाभ समाज को नहीं मिल पा रहा है।
संगठन के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार जल्द उनकी मांगों पर निर्णय नहीं लेती है तो पूरे प्रदेश में पिछड़ा वर्ग अधिकार एवं सामाजिक न्याय यात्रा के माध्यम से लोगों को और व्यापक स्तर पर जागरूक किया जाएगा। उनका कहना है कि आने वाले समय में पिछड़ा वर्ग समाज अपने अधिकारों के लिए बड़ा आंदोलन खड़ा करेगा।


