शेयर करें...
सुपारी देकर अपहरण और गला घोंटकर की गई थी हत्या, शव को कीचड़ और झाड़ियों में छिपाया था; अब तक सात आरोपी गिरफ्तार
सरगांव। थाना सरगांव क्षेत्र के ग्राम पेण्ड्री ‘स’ में हुए तुलसी साहू हत्याकांड में मुंगेली पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही इस सनसनीखेज हत्याकांड में अब तक कुल सात आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम पेण्ड्री ‘स’ में वर्ष 2025 में हुए सरपंच चुनाव में हार की रंजिश के चलते पूर्व में गिरफ्तार मुख्य आरोपी धनीराम साहू ने हत्या की साजिश रची थी। आरोप है कि रुपयों के लालच में आरोपियों ने सुपारी लेकर योजनाबद्ध तरीके से तुलसी साहू का अपहरण किया और गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को सड़क किनारे कीचड़ और झाड़ियों में फेंक दिया गया था।
मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत शुक्ला के पर्यवेक्षण तथा उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह के नेतृत्व में साइबर सेल एवं थाना सरगांव पुलिस की संयुक्त टीम लगातार फरार आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 5 नवंबर को कुनाल बक्शी और तारकेश्वर बघेल को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों ने पैसों के लालच में घटना में शामिल होना स्वीकार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुनाल बक्शी (19 वर्ष), पिता उबारन बक्शी तथा तारकेश्वर बघेल (22 वर्ष), पिता करन दास बघेल, दोनों निवासी वार्ड क्रमांक 03, साई नगर अमेरी, थाना सकरी, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को 5 नवंबर को विधिवत गिरफ्तार किया और 6 नवंबर को न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल कराया।
पहले पांच आरोपी जा चुके हैं जेल
इस हत्याकांड में पुलिस ने इससे पहले मुख्य आरोपी धनीराम साहू सहित भुवन साहू, ओम उर्फ ओमनारायण राजपूत, सुरेंद्र जोशी और टीकाराम साहू को 30 अक्टूबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा था। अब दो और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या सात हो गई है।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक यादव, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक नवनीत नावेलकर, साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक सत्येंद्रपुरी गोस्वामी सहित पुलिस टीम के प्रधान आरक्षक नोखेलाल कुर्रे, यशवंत डाहिरे, अशोक कौशिक तथा आरक्षक राहुल यादव, राहुलकांत कश्यप, राकेश बंजारे, रिपीन बनर्जी, विश्वनाथ सिंह, अजय रावत, पंकज निर्णेजक एवं अनिल मरावी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
मुंगेली पुलिस ने आम नागरिकों से कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने तथा घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील की है। किसी भी आपातकालीन स्थिति में डायल 112 पर पुलिस सहायता लेने की भी अपील की गई है।


