कांग्रेस संगठन में नई बयार : सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला अध्यक्ष की दौड़ में सबसे आगे ताराचंद पटेल..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// कांग्रेस संगठन में नये और साफ-सुथरे चेहरों की तलाश जारी है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के निर्देश पर प्रदेशभर में संगठन सृजन अभियान चल रहा है। इसी कड़ी में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में नए जिला कांग्रेस अध्यक्ष की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। चर्चा जोरों पर है कि इस बार संगठन की कमान लोकप्रिय जनसेवक ताराचंद पटेल को सौंपी जा सकती है, जिनका नाम कार्यकर्ताओं की जुबान पर सबसे आगे चल रहा है।

Join WhatsApp Group Click Here

लगातार दो विधानसभा जीत के सूत्रधार

सारंगढ़ विधानसभा में कांग्रेस की लगातार दो बार हुई ऐतिहासिक जीत में जिन नेताओं ने अहम भूमिका निभाई, उनमें ताराचंद पटेल का नाम प्रमुख रूप से लिया जाता है। उनकी संगठनात्मक क्षमता और कार्यकर्ताओं के साथ मजबूत जुड़ाव ने विधायक उत्तरी जांगड़े की जीत में निर्णायक भूमिका निभाई। बरमकेला अंचल में उनका प्रभाव इतना व्यापक है कि उन्हें यहां का सबसे लोकप्रिय नेता माना जाता है।

बरमकेला अंचलवासियों की मांग “इस बार हमारी बारी”

बरमकेला अंचल कांग्रेस की हर जीत में मजबूत योगदान देता आया है, लेकिन अब तक इस क्षेत्र से किसी को शीर्ष नेतृत्व की जिम्मेदारी नहीं मिली। यही कारण है कि इस बार अंचल के कार्यकर्ता खुलकर मांग कर रहे हैं कि जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी बरमकेला को मिले, और इसके लिए सबसे योग्य नाम ताराचंद पटेल का ही माना जा रहा है।

जातिगत समीकरण में सटीक बैठते हैं ताराचंद

सारंगढ़-बरमकेला विधानसभा अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित क्षेत्र है, जहां अघरिया समाज की भूमिका चुनावी समीकरण में बेहद अहम रहती है। पटेल समाज की बड़ी संख्या और ताराचंद पटेल की सामाजिक पकड़ उन्हें इस पद के लिए सबसे मजबूत दावेदार बनाती है। संगठनात्मक दृष्टि से भी वे भाजपा के वर्तमान जिलाध्यक्ष के सामाजिक संतुलन का जवाब देने में पूरी तरह सक्षम हैं।

समाज सेवा और संगठन का लम्बा अनुभव

ताराचंद पटेल ने न सिर्फ राजनीति में बल्कि समाज सेवा में भी उल्लेखनीय योगदान दिया है।

  • 2015 से 2019 तक रहे वरिष्ठ उपाध्यक्ष, अखिल भारतीय अघरिया समाज
  • 2019 से 2024 तक निभाई अध्यक्ष, अखिल भारतीय अघरिया समाज की जिम्मेदारी
  • वर्तमान में हैं केंद्रीय प्रतिनिधि, अखिल भारतीय अघरिया समाज

कांग्रेस में उनका सफर 2003-04 से शुरू हुआ।

  • 2010 से 2017 तक रहे ब्लॉक कांग्रेस महामंत्री (प्रभारी)
  • 2017 से अब तक संभाल रहे हैं ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष का दायित्व

लगभग 15 वर्षों से लगातार सक्रिय रहकर उन्होंने संगठन को गांव-गांव तक मजबूत किया है।

विपक्षी सरकार में भी दिखाया दम

भाजपा शासनकाल में भी ताराचंद पटेल ने कांग्रेस को मजबूती देने में अहम भूमिका निभाई। उनके नेतृत्व में जनपद पंचायत और नगर पंचायत दोनों जगह कांग्रेस ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रहते उन्होंने दो विधानसभा चुनावों में कांग्रेस प्रत्याशी को ऐतिहासिक जीत दिलाने में योगदान दिया।

जनपद चुनाव में सबसे बड़ी जीत

2025 के जनपद चुनाव में बरमकेला अंचल से उन्होंने 1636 मतों के अंतर से जीत दर्ज की, जो क्षेत्र में सबसे बड़ी जीत मानी जा रही है। यही वजह है कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं में यह विश्वास पुख्ता हो गया है कि जिला अध्यक्ष की कमान ताराचंद पटेल को मिलनी चाहिए।

अब सबकी निगाहें पार्टी आलाकमान पर टिकी हैं, क्या कांग्रेस इस बार संगठन की कमान उस चेहरे को देगी, जिसने मैदान में हमेशा जीत का झंडा बुलंद किया है?

Scroll to Top