रानीडीह की सुनीति प्रधान ने बढ़ाया जिले का मान, ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी योग प्रतियोगिता में करेंगी प्रतिनिधित्व..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिले के सरिया तहसील के लिए गर्व का क्षण है। ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी योग महिला प्रतियोगिता 2025-26 का आयोजन 5 जनवरी से 9 जनवरी तक स्वामी विवेकानंद योग अनुसंधान संस्थान, बैंगलोर में किया जा रहा है। इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय की योग महिला टीम भाग लेने जा रही है, जो 1 जनवरी को बैंगलोर के लिए रवाना होगी।

Join WhatsApp Group Click Here

इस प्रतिष्ठित टीम में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले से केवल एक बालिका का चयन हुआ है। सरिया तहसील के ग्राम रानीडीह की रहने वाली सुनीति प्रधान ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर विश्वविद्यालय टीम में जगह बनाई है। सुनीति ग्रुप इवेंट में विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगी और पूरे जिले की उम्मीदें उनके साथ जुड़ी हुई हैं।

प्रतियोगिता के विभिन्न वर्गों में विश्वविद्यालय की ओर से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन किया गया है। इंडिविजुअल कैटेगरी में आकृति तिवारी, रिदमिक कैटेगरी में साक्षी वर्मा तथा ग्रुप इवेंट में नीलम, चेतना, टीमेश्वरी, भीणेश्वरी, जानवी गुप्ता और सुनीति प्रधान शामिल हैं। टीम का नेतृत्व अनुभवी पुरिदर योग प्रशिक्षक कोच के रूप में करेंगे, जबकि मैनेजर की जिम्मेदारी उपासना विश्वकर्मा संभालेंगी।

टीम के इस राष्ट्रीय मंच पर बेहतर प्रदर्शन के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने भी उत्साह बढ़ाया है। कुलपति सच्चिदानंद शुक्ल, शारीरिक शिक्षा विभाग की संचालक प्रो रीता वेणुगोपाल, शारीरिक शिक्षा अध्ययन शाला के अध्यक्ष प्रो राजीव चौधरी और प्रो सी डी आगाशे ने पूरी टीम को शुभकामनाएं दी हैं।

सुनीति प्रधान, उम्र 25 वर्ष, पिता छत्रपति प्रधान, ग्राम रानीडीह की रहने वाली हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उनकी मेहनत और लगन ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है। उनका चयन न सिर्फ परिवार बल्कि पूरे सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के युवाओं के लिए प्रेरणा है।

अब सबकी नजरें बैंगलोर में होने वाली इस प्रतियोगिता पर टिकी हैं, जहां सुनीति और विश्वविद्यालय की योग टीम से शानदार प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।

Scroll to Top