भुलूमुड़ा में दुर्लभ वन्यजीव पैंगोलिन का सफल रेस्क्यू, किसान की सजगता और वन विभाग की तत्परता से बची बेजुबान की जान..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// शनिवार की सुबह भुलूमुड़ा गांव के खेत में एक दुर्लभ वन्यजीव पैंगोलिन के फंसने की सूचना से इलाके में हलचल मच गई। मूंगफली की बाड़ी में लगाए गए जाल में यह भोला-भाला जीव फंस गया था, लेकिन किसान की सतर्कता और वन विभाग की त्वरित कार्रवाई से उसकी जान बचा ली गई।

Join WhatsApp Group Click Here

जानकारी के अनुसार, ग्राम भुलूमुड़ा (सरिया) निवासी सिंधु साहू के मूंगफली खेत में यह पैंगोलिन जाल में फंस गया था। जैसे ही किसान की नजर उस पर पड़ी, उन्होंने बिना देर किए इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बेहद सावधानी के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

वन विभाग की टीम ने सूझबूझ और सतर्कता के साथ पैंगोलिन को सुरक्षित जाल से बाहर निकाला। इस दौरान यह सुनिश्चित किया गया कि जीव को किसी प्रकार की चोट न पहुंचे। रेस्क्यू के बाद उसे प्राकृतिक वातावरण में वापस छोड़ने के लिए गोमार्डा अभ्यारण्य क्षेत्र ले जाया गया, जहां उसे सुरक्षित रूप से मुक्त कर दिया गया।

इस पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन में गोमार्डा अभ्यारण्य वन परिक्षेत्र बरमकेला के रेंजर हीरालाल सरजाल, डिप्टी रेंजर हीरालाल नायक, वनरक्षक हीरालाल चौधरी, वनपाल बलभद्र मैत्री, देवनाथ ध्रुव और गिरधारी सिदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वन विभाग ने किसान सिंधु साहू की जागरूकता की सराहना की है, जिनकी तत्परता से एक दुर्लभ और संरक्षित वन्यजीव को सुरक्षित बचाया जा सका।

Scroll to Top