शेयर करें...
रायगढ़// वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने रायगढ़ प्रवास के दौरान कलेक्टोरेट परिसर में “स्मार्ट पंजीयन कार्यालय” और थाना जूटमिल के नवीन भवन का लोकार्पण किया। शनिवार शाम को आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने रिबन काटकर भवन का शुभारंभ किया, जिसके बाद पूजा-अर्चना और मंत्रोच्चार के साथ विधिवत लोकार्पण संपन्न हुआ। अतिथियों ने नए भवन के विभिन्न कक्षों का निरीक्षण भी किया।
पुलिस व्यवस्था को मिलेगा मजबूती का आधार : एसएसपी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि शहर की बढ़ती आबादी को देखते हुए पहले जूटमिल क्षेत्र पुलिस सहायता केंद्र के रूप में संचालित था, जिसे वर्ष 2005 में चौकी और फिर 2023 में थाना में उन्नयन किया गया। वर्ष 2024-25 के बजट में स्वीकृत 20 नए थाना भवनों में जूटमिल थाना भी शामिल रहा, जिसका निर्माण पुलिस हाउसिंग बोर्ड द्वारा कराया गया है।
एसएसपी ने कहा कि वित्त मंत्री की पहल से कम समय में उच्च गुणवत्ता वाला भवन तैयार हुआ है। इससे पुलिसिंग में तेजी आएगी और अपराध नियंत्रण में भी बेहतर परिणाम देखने को मिलेंगे। नए भवन में आधुनिक सुविधाओं का ध्यान रखा गया है।
कार्यक्रम में लैलूंगा विधायक विद्यावती सिदार ने पुलिस विभाग को शुभकामनाएं देते हुए विकास कार्यों में सहयोग का भरोसा दिलाया। अन्य जनप्रतिनिधियों और अतिथियों ने भी नए थाना भवन को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
पुलिसकर्मियों के लिए नई सुविधाओं की घोषणा
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि पुलिसिंग का कार्य चुनौतीपूर्ण है और बेहतर संसाधन जरूरी हैं। उन्होंने बताया कि कलेक्टोरेट के पास नया एसपी कार्यालय जल्द पूरा होगा और पुलिसकर्मियों के लिए स्टाफ क्वार्टर्स की प्रक्रिया भी जारी है। साथ ही पुलिस कॉलोनी में आवश्यक कार्यों के लिए विधायक निधि से राशि देने की घोषणा की।
लोकार्पण कार्यक्रम में महापौर जीवर्धन चौहान, जिला भाजपा अध्यक्ष अरुणधर दीवान, पूर्व विधायक विजय अग्रवाल, उमेश अग्रवाल, गुरूपाल भल्ला, श्रीकांत सोमावार, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, सीएसपी मयंक मिश्रा, एसडीएम महेश शर्मा, डीएसपी सुशांतो बनर्जी, उत्तम प्रताप सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि, पुलिस अधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी ने सभी का आभार व्यक्त किया।


