शेयर करें...
रायगढ़// जिले में बोर्ड परीक्षाएं शुरू होते ही रायगढ़ पुलिस की ओर से विद्यार्थियों के लिए खास पहल की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने एक प्रेरक वीडियो संदेश जारी कर छात्रों का उत्साह बढ़ाया है। अपने संदेश में एसएसपी ने कहा कि परीक्षा जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, लेकिन यही अंतिम मंजिल नहीं है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे बिना दबाव और तनाव के आत्मविश्वास के साथ परीक्षा लिखें। मेहनत, इच्छा शक्ति और मजबूत निश्चय ही सफलता की कुंजी है।
परिणाम से ज्यादा जरूरी हौसला
एसएसपी ने साफ कहा कि अगर किसी कारण से परिणाम उम्मीद के मुताबिक नहीं आता, अंक कम रह जाते हैं या असफलता मिलती है, तो निराश होने की जरूरत नहीं है। जीवन में आगे बढ़ने के कई रास्ते होते हैं। हर परीक्षा के बाद नया अवसर इंतजार करता है।
अभिभावकों से भी अपील
उन्होंने अभिभावकों से भी कहा कि बच्चों पर अनावश्यक दबाव न डालें। उन्हें लगातार प्रोत्साहित करें और उनकी भावनाओं को समझें। परिवार का सकारात्मक माहौल बच्चों के आत्मविश्वास को मजबूत बनाता है।
परीक्षा के दौरान शांति का भरोसा
एसएसपी ने यह भी स्पष्ट किया कि परीक्षा अवधि में जिले में शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। अगर किसी क्षेत्र में डीजे, लाउडस्पीकर या अन्य किसी वजह से शोर-शराबा होता है, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। ऐसे मामलों में संबंधित लोगों को सख्त हिदायत दी जाएगी ताकि विद्यार्थियों को किसी तरह की परेशानी न हो।
अंत में उन्होंने सभी परीक्षार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सकारात्मक सोच और पूरी तैयारी के साथ परीक्षा दें। रायगढ़ पुलिस सुरक्षित और शांत वातावरण सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह तैयार है।



