ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले आरक्षक के परिवार को 1 करोड़ की आर्थिक सहायता, एसएसपी भोजराम पटेल ने सौंपा चेक..

शेयर करें...

मुंगेली// ड्यूटी के दौरान सड़क हादसे में जान गंवाने वाले आरक्षक राकेश डहरिया के परिवार को राज्य शासन की पुलिस सैलरी पैकेज योजना के तहत 1 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। आरक्षक राकेश डहरिया थाना पथरिया में पदस्थ थे। 24 जून 2025 को ड्यूटी के दौरान सड़क दुर्घटना में उनका आकस्मिक निधन हो गया था। इस घटना के बाद पूरे पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई थी।

Join WhatsApp Group Click Here

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने 19 फरवरी 2026 को भारतीय स्टेट बैंक, मुख्य शाखा बड़ाबाजार मुंगेली के माध्यम से दिवंगत आरक्षक की पत्नी नागेश्वरी डहरिया को 1 करोड़ रुपये का चेक सौंपा। इस मौके पर परिवार को सांत्वना देते हुए उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग हर परिस्थिति में अपने जवानों के परिवार के साथ खड़ा है।

योजना का उद्देश्य

पुलिस सैलरी पैकेज योजना का मकसद ड्यूटी के दौरान आकस्मिक मृत्यु की स्थिति में आश्रित परिवार को आर्थिक सुरक्षा देना है, ताकि भविष्य को लेकर किसी तरह की असुरक्षा न रहे। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, मुख्य शाखा बड़ाबाजार मुंगेली के शाखा प्रबंधक राहुल रंजन सिंह ने बताया कि केंद्र और राज्य शासन की व्यवस्था के तहत बैंकों के माध्यम से यह सहायता राशि प्रदान की जाती है। इसी प्रावधान के तहत 1 करोड़ रुपये की राशि चेक के माध्यम से परिजनों को दी गई।

अन्य लाभ भी प्रक्रियाधीन

पुलिस विभाग के अनुसार, इस आर्थिक सहायता के अलावा अन्य शासकीय लाभ, अनुग्रह राशि, जीपीएफ, ग्रेच्युटी और अनुकम्पा नियुक्ति की प्रक्रिया भी जारी है।नागेश्वरी डहरिया ने सहायता राशि प्राप्त होने पर शासन, पुलिस प्रशासन और बैंक प्रबंधन के प्रति आभार जताया। भावुक माहौल में उन्होंने कहा कि इस सहयोग से परिवार को संबल मिला है।

एसएसपी ने कहा कि राकेश डहरिया कर्तव्यनिष्ठ और साहसी कर्मचारी थे। उनका निधन पुलिस परिवार के लिए बड़ी क्षति है, जिसकी भरपाई संभव नहीं। विभाग हर संभव मदद सुनिश्चित करेगा। इस प्रक्रिया में निरीक्षक (एम) मदनलाल शुक्ला, उप निरीक्षक अमन कश्यप, प्रधान आरक्षक वेदसिंह सोन्ड्रे और बैंक प्रबंधन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Scroll to Top