शेयर करें...
सारंगढ़ बिलाईगढ़// थाना सरिया क्षेत्र के भीखमपुरा में मेन गेट गौशाला के पास सोमवार सुबह तेज रफ्तार कार और बाइक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार तीन युवक घायल हो गए। इनमें एक युवक को गंभीर चोट आने के कारण बेहतर उपचार के लिए रायगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नाली में जा घुसी। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
नानी के घर जाने निकले थे तीनों युवक
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम डोगीपानी निवासी एक युवक अपने दोस्त टेकलाल भैना को लेकर 9 नवंबर 2026 को सुबह करीब 9 बजे बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल क्रमांक CG13AX 6306 से ग्राम कंडोला के लिए निकला था। कंडोला पहुंचने पर टेकलाल का दोस्त शिवा महंत भी उनके साथ हो गया। इसके बाद तीनों टेकलाल की नानी के घर पहुंचे, लेकिन वहां उनके नहीं मिलने पर तीनों भीखमपुरा गौशाला के पास आकर रुक गए और कुछ देर बातचीत की।
विपरीत दिशा से आ रही कार ने मारी टक्कर
इसके बाद शिवा महंत मोटरसाइकिल चला रहा था। टेकलाल बीच में और डोगीपानी निवासी युवक पीछे बैठा था। तीनों मोटरसाइकिल से कंडोला की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सुबह करीब 10:30 बजे भीखमपुरा मेन गेट गौशाला के पास सामने से विपरीत दिशा में आ रही कार के चालक ने कथित तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद तीनों युवक मोटरसाइकिल समेत सड़क पर गिर पड़े।
तीनों को आई चोट, एक युवक रायगढ़ रेफर
हादसे में मोटरसाइकिल चला रहे शिवा महंत के दाहिने सिर, चेहरे और पैर में चोट आई। टेकलाल भैना की दाहिनी कलाई में चोट लगी, जबकि पीछे बैठे युवक के दाहिने पैर, घुटने के नीचे और कमर में चोट आई। घटना के बाद शिवा के चाचा को फोन कर बुलाया गया, जिसके बाद घायलों को उपचार के लिए सरिया अस्पताल लाया गया।
कार नाली में घुसी, चालक मौके से फरार
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, टक्कर मारने के बाद कार सड़क किनारे नाली में जा घुसी। कार चालक मौके से फरार हो गया। बाइक सवारों ने कार का नंबर OR 02 BQ 5677 नोट किया। घटना की सूचना के बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और बुरी तरह क्षतिग्रस्त बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल को थाने लाया है।
पुलिस की जांच जारी
सरिया थाना में पदस्थ जांच अधिकारी एएसआई के.के. टंडन से मिली जानकारी के अनुसार, कार और बाइक में हुई दुर्घटना की जानकारी जैसे ही मिली पुलिस की टीम ने तत्परता दिखाते हुए घटनास्थल पर पहुंचीं और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया गया। शिवा महंत को गंभीर चोट आने के कारण बेहतर उपचार के लिए रायगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। दुर्घटना में शामिल कार और क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल को थाना लाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


