केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर रवाना हुए एसपी आंजनेय वार्ष्णेय, बिलासपुर रेंज में हुआ भावुक विदाई समारोह..

शेयर करें...

बिलासपुर// सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के पुलिस अधीक्षक आंजनेय वार्ष्णेय को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर भेजे जाने से पुलिस महकमे में भावुक माहौल देखने को मिला। बिलासपुर रेंज कार्यालय में उनके सम्मान में गरिमामयी विदाई समारोह आयोजित किया गया, जहां पुलिस महानिरीक्षक राम गोपाल गर्ग सहित रेंज कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें आत्मीय विदाई दी।

Join WhatsApp Group Click Here

समारोह के दौरान आईजी राम गोपाल गर्ग ने आंजनेय वार्ष्णेय के कार्यकाल की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि वार्ष्णेय ने अपने शांत स्वभाव, अनुशासित कार्यशैली और प्रभावी पुलिसिंग से विभाग में अलग पहचान बनाई। साइबर अपराधों पर उनकी मजबूत पकड़ और सामुदायिक पुलिसिंग के प्रति उनका समर्पण युवा अधिकारियों के लिए प्रेरणादायक रहा है। इस दौरान उन्हें पुष्पगुच्छ, स्मृति चिन्ह और उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया।

अपराध नियंत्रण और अनुशासन को दी नई दिशा

23 अप्रैल 2025 से 8 मई 2026 तक सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के एसपी रहे आंजनेय वार्ष्णेय ने कानून व्यवस्था मजबूत करने के साथ अपराध नियंत्रण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके कार्यकाल में कई बड़ी कार्रवाईयों को अंजाम दिया गया और पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक सक्रिय बनाया गया। इससे पहले वे धमतरी और कोंडागांव जैसे नक्सल प्रभावित जिलों में भी पुलिस अधीक्षक के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

विदाई समारोह में आंजनेय वार्ष्णेय ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए पुलिस विभाग और वरिष्ठ अधिकारियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि जहां भी उनकी आवश्यकता होगी, वे हमेशा विभाग के लिए उपलब्ध रहेंगे। कार्यक्रम में उप पुलिस अधीक्षक विवेक शर्मा सहित रेंज कार्यालय के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। समारोह के अंत में सभी ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य और बेहतर स्वास्थ्य की शुभकामनाएं दीं।

Scroll to Top