शेयर करें...
रायगढ़// साइबर अपराधों पर लगाम कसते हुए रायगढ़ पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। 19 अप्रैल को पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित कार्यक्रम में 128 गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन उनके असली मालिकों को वापस सौंपे गए। इस पहल से उन लोगों के चेहरे पर फिर से मुस्कान लौट आई, जिन्होंने अपने मोबाइल मिलने की उम्मीद लगभग छोड़ दी थी।
देशभर में ट्रैक कर वापस मंगाए मोबाइल
साइबर पुलिस थाना की टीम ने आधुनिक तकनीक और ट्रैकिंग सिस्टम का उपयोग करते हुए बिहार, कोलकाता सहित कई राज्यों और जिलों से मोबाइल ट्रेस कर वापस मंगाए। रिकवर किए गए मोबाइल में कई महंगे और ब्रांडेड फोन भी शामिल हैं, जिनकी कुल कीमत 25 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।
CEIR पोर्टल से मिल रही बड़ी मदद
कार्यक्रम के दौरान साइबर डीएसपी उन्नति ठाकुर ने बताया कि मोबाइल गुम होने पर तुरंत CEIR पोर्टल पर रिपोर्ट दर्ज कराना बेहद जरूरी है। इससे मोबाइल को ब्लॉक करने और ट्रैक करने में मदद मिलती है, जिससे रिकवरी की संभावना काफी बढ़ जाती है।
लोगों ने जताया आभार, पुलिस का संदेश भी सख्त
मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने पुलिस टीम का आभार जताया। वहीं एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट कहा कि गुम या चोरी हुए मोबाइल का उपयोग करना अपराध है। ऐसा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि किसी को ऐसा मोबाइल मिले तो तुरंत नजदीकी थाना में जमा करें, ताकि उसे उसके असली मालिक तक पहुंचाया जा सके।


