कीदा गांव में महिला और दो बच्चों की हत्या का सनसनीखेज खुलासा : पति ही निकला मास्टरमाइंड, दोस्त से करवाई वारदात..

शेयर करें...

रायगढ़// छाल थाना क्षेत्र के कीदा गांव में हुई महिला और उसके दो बच्चों की बेरहमी से हत्या के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने मृतका के पति महेंद्र साहू और उसके दोस्त भागीरथी राठिया को गिरफ्तार कर लिया है। चौंकाने वाली बात ये है कि इस पूरे हत्याकांड का मास्टरमाइंड खुद पति निकला, जिसने अपनी पत्नी को रास्ते से हटाने के लिए दोस्त से खून की ये वारदात करवाई।

Join WhatsApp Group Click Here

5 डिसमिल जमीन और पैसे के लालच में बना कातिल

जांच में सामने आया कि महेंद्र ने अपनी पत्नी सुकांति से आए दिन के झगड़ों से परेशान होकर उसकी हत्या की साजिश रची थी। उसने अपने दोस्त भागीरथी को 5 डिसमिल जमीन और मुआवजे की रकम का लालच दिया। योजना के मुताबिक महेंद्र ने पहले ही दरवाजे की कुण्डी को ढीला कर दिया था, ताकि उसका दोस्त आसानी से घर में घुस सके।

बदबू से खुला राज

22 मई को गांव के सरपंच ने छाल थाना में सूचना दी कि महेंद्र साहू के घर से तेज दुर्गंध आ रही है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा तोड़ा, तो अंदर सुकांति (35), बेटा युगल (15) और बेटी प्राची (12) के सड़े-गले शव मिले। तीनों की हत्या धारदार हथियार से की गई थी। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

कड़ी पूछताछ में टूटा राज

जांच के दौरान महेंद्र पर शुरू से ही पुलिस को शक था। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। महेंद्र ने बताया कि वह पत्नी से परेशान था, इसलिए उसने दोस्त से हत्या करवाई। भागीरथी ने सुनसान रात में घर में घुसकर टांगी से तीनों की बेरहमी से हत्या कर दी।

हथियार और साजिश के सबूत बरामद

पुलिस ने भागीरथी के निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई टांगी और महेंद्र द्वारा दरवाजा ढीला करने में उपयोग की गई लोहे की रॉड को बरामद कर लिया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

टीमवर्क से खुली हत्या की गुत्थी

इस पूरे मामले में पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल के नेतृत्व में एसडीओपी प्रभात पटेल की निगरानी में छाल, घरघोड़ा, खरसिया थाना, साइबर सेल, एफएसएल और डॉग स्क्वाड की संयुक्त टीम ने शानदार तालमेल दिखाया। आठ से ज्यादा टीमें लगातार काम कर इस जघन्य हत्याकांड का पर्दाफाश करने में सफल रहीं। इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है, लेकिन पुलिस की सतर्कता और टीमवर्क ने एक बड़े षड्यंत्र को समय रहते बेनकाब कर दिया।

Scroll to Top