शेयर करें...
सारंगढ़–बिलाईगढ़// सरिया पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3.030 किलोग्राम गांजा, एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन सहित कुल 2 लाख 70 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है। दोनों आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 10 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से एक काले रंग की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल क्रमांक CG 13 AY 6110 में दो व्यक्ति आ रहे हैं। सूचना के आधार पर सरिया थाना के सामने मुख्य मार्ग पर पुलिस ने मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास मौजूद पिट्ठू बैग में एक पैकेट से 3.030 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने गांजा, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ऋषिकेश वैष्णव (55 वर्ष) और बुट कुमार यादव (38 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों रायगढ़ जिले के कोतरारोड थाना क्षेत्र अंतर्गत सोनिया नगर, वार्ड क्रमांक 40 के निवासी हैं।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेन्द्र कुमार पटेल और उप पुलिस अधीक्षक संतोषी ग्रेस के निर्देश पर अवैध शराब और मादक पदार्थों की बिक्री एवं परिवहन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक एस.व्ही. साहू, सहायक उपनिरीक्षक कमल सिंह राजपूत, प्रधान आरक्षक सुरेन्द्र सिदार, भोजराम नट, अनिल साहू, आरक्षक दिलीप स्नेही, लखेश्वर पुरसेट तथा एएनटीएफ टीम सारंगढ़ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


