शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिले में अपराध पर नियंत्रण रखने और पूर्व में अपराधों में शामिल रहे लोगों की गतिविधियों पर नजर बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार निगरानी अभियान चला रही है। इसी कड़ी में 31 अगस्त को थाना सारंगढ़ में निगरानी बदमाशों, गुंडा बदमाशों, आदतन बदमाशों और पूर्व अपराधियों की परेड एवं निगरानी बैठक आयोजित की गई। इस दौरान सारंगढ़ अनुविभाग क्षेत्र के अलग-अलग थानों और चौकी से कुल 19 लोग उपस्थित रहे।
चार थाना क्षेत्रों के लोगों की हुई परेड
पुलिस अनुविभाग सारंगढ़ के अंतर्गत आने वाले थाना कोतवाली, कोसीर, केडार और चौकी कनकबीरा क्षेत्र के निगरानी बदमाश, गुंडा बदमाश, आदतन बदमाश, अवैध शराब विक्रेता और मारपीट सहित विभिन्न अपराधों में पूर्व में संलिप्त रहे लोगों को थाना सारंगढ़ बुलाया गया था। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने सभी की उपस्थिति दर्ज की और उनकी वर्तमान गतिविधियों की जानकारी ली। पुलिस ने स्पष्ट किया कि ऐसे लोगों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाएगी, ताकि क्षेत्र में किसी तरह की आपराधिक गतिविधि को बढ़ावा न मिले।
अपराध छोड़कर परिवार और समाज पर ध्यान देने की समझाइश
पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित लोगों को अपराध से पूरी तरह दूर रहने की समझाइश दी। अधिकारियों ने कहा कि अपराध का रास्ता व्यक्ति को केवल कानून के कटघरे तक ही नहीं पहुंचाता, बल्कि धीरे-धीरे उसे अपने परिवार, रिश्तेदारों और समाज से भी दूर कर देता है।
अपराध के कारण व्यक्ति की सामाजिक प्रतिष्ठा प्रभावित होती है और इसका असर उसके परिवार को भी झेलना पड़ता है। इसलिए पूर्व में सजा काटकर वापस आए लोगों को विशेष रूप से समझाया गया कि वे दोबारा किसी गलत गतिविधि में शामिल न हों और समाज की मुख्यधारा में सम्मानपूर्वक जीवन बिताएं।पुलिस ने उन्हें मेहनत और ईमानदारी से रोजगार या व्यवसाय कर परिवार का भविष्य बेहतर बनाने, गलत संगति से दूर रहने और अच्छे लोगों की संगति अपनाने की सलाह दी।
दोबारा अपराध किया तो होगी कड़ी कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति दोबारा अपराध या किसी आपराधिक गतिविधि में शामिल पाया जाता है तो उसके खिलाफ कानून के तहत कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। ऐसे लोगों को अपने किए की सजा भुगतने के लिए तैयार रहना होगा। पुलिस के मुताबिक इस तरह की परेड और निगरानी बैठक का उद्देश्य केवल बदमाशों पर नजर रखना ही नहीं, बल्कि उन्हें अपराध का रास्ता छोड़कर सामान्य और सम्मानजनक जीवन जीने के लिए प्रेरित करना भी है।
कार्यक्रम में एसडीओपी सारंगढ़ गोविंद दीवान, थाना प्रभारी कोतवाली प्रमोद यादव और चौकी प्रभारी कनकबीरा टीकाराम खटकर मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित लोगों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने और किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि से दूर रहने की हिदायत दी। जिला पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेंद्र पटेल के निर्देशन में जिले में पूर्व अपराधियों और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर निगरानी रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रखने की बात कही गई है।


