शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// नवरात्रि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। बाजारों से लेकर दुर्गा पंडालों तक पुलिस लगातार निगरानी कर रही है। भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस जवान पैदल मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं, वहीं रात के समय ड्रोन के जरिए भी संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
बाजारों और दुर्गा पंडालों में पुलिस का पैदल मार्च
पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेन्द्र पटेल के निर्देशन में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। इसी क्रम में एसडीओपी सारंगढ़ गोविंद दीवान, रक्षित निरीक्षक जितेंद्र कुमार चंद्रा, कोतवाली थाना सारंगढ़ प्रभारी प्रमोद यादव और प्रशिक्षु सूबेदार कमलनारायण साहू के नेतृत्व में पुलिस बल ने बाजारों और प्रमुख भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पैदल मार्च किया। इस दौरान दुर्गा पंडालों, प्रमुख मार्गों, बाजारों और संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति देखी गई।
ड्रोन से निगरानी, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर
नवरात्रि के दौरान दुर्गा पंडालों और बाजारों में श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ जाती है। इसे देखते हुए पुलिस विशेष सतर्कता बरत रही है। रात के समय ड्रोन से निगरानी कर भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी समय रहते मिल सके और जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
शांति और सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील
सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस ने आम नागरिकों और श्रद्धालुओं से नवरात्रि पर्व को शांति, आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। पुलिस का उद्देश्य पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना और जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना है।


