शेयर करें...
सारंगढ़ बिलाईगढ़// शहर में बढ़ रही चोरी की वारदातों पर रोक लगाने के लिए चलाई जा रही कार्रवाई में सिटी कोतवाली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। आरोपी ने पूछताछ में दो अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की है।
कुम्हारी निवासी दिलीप कुमार साहू ने 26 नवंबर की शाम रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह कुशलनगर शराब भट्ठी के पास अपनी हीरो पैशन प्रो मोटर साइकिल (CG-04-HP-2305) खड़ी कर शराब लेने गया था। वापस लौटने पर मोटरसाइकिल गायब मिली। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपराध क्रमांक 619/2025 धारा 303(2) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि जुटमिल, रायगढ़ निवासी अनिल मिश्रा इस चोरी में शामिल है। पुलिस टीम ने उसे हिरासत में लिया और पूछताछ की। पूछताछ में अनिल ने कबूल किया कि उसने अपने साथी सोहिल खान और बलदेव दास के साथ मिलकर मोटरसाइकिल चोरी की थी। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की गई हीरो पैशन प्रो को बरामद कर लिया है।
आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस अब उसके दोनों साथियों की तलाश कर रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कामिल हक के नेतृत्व में प्रआर महेंद्र सिंह मार्को, अर्जुन पटेल, धनेश्वर उरांव, आरक्षक योगेश कुर्रे, सत्येंद्र बंजारे, सुरेंद्र पटेल, ओमचंद साहू और पुरसोत्तम राठौर की अहम भूमिका रही।


