शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे, गिरफ्तारी और उनके खिलाफ लगाए गए आरोपों की जांच की मांग को लेकर सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी सारंगढ़-बिलाईगढ़ ने जोरदार प्रदर्शन किया। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी और छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर आयोजित प्रदर्शन में कांग्रेस और NSUI के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। इस दौरान “वोट चोर गद्दी छोड़” और “भाजपा मुर्दाबाद” जैसे नारे लगाए गए।

बैरिकेड तोड़कर कलेक्ट्रेट की ओर बढ़े कार्यकर्ता
कांग्रेस कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट घेराव के लिए आगे बढ़े तो प्रशासन की ओर से लगाए गए बैरिकेड्स से उन्हें रोकने की कोशिश की गई। प्रदर्शनकारी बैरिकेड्स पार कर आगे बढ़े, जिसके बाद रास्ते में उन्हें रोक दिया गया। इसके बाद कांग्रेस नेताओं ने तहसीलदार के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनाव प्रक्रिया को लेकर अपनी आपत्तियां दर्ज कराईं और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तथा उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई। देश के अन्य हिस्सों में भी कांग्रेस इसी मुद्दे को लेकर प्रदर्शन कर रही है।
जिला अध्यक्ष बोले- जनता के वोट के अधिकार से समझौता नहीं
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ताराचंद देवांगन के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में सारंगढ़ और बिलाईगढ़ के विधायक सहित कांग्रेस और NSUI के कार्यकर्ता मौजूद रहे। ताराचंद देवांगन ने कहा कि कांग्रेस जनता के वोट के अधिकार से जुड़े मुद्दे को लेकर सड़क पर उतरी है। उनके अनुसार मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे, गिरफ्तारी और उचित कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर यह एक दिवसीय सांकेतिक प्रदर्शन किया गया है।
उन्होंने कहा कि प्रदर्शन में उमड़ी भीड़ इस बात का संकेत है कि कांग्रेस कार्यकर्ता चुनाव और मतदान के अधिकार से जुड़े मुद्दों पर आवाज उठाते रहेंगे। उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति के नाम दिए गए ज्ञापन में आगामी नगरीय निकाय चुनाव EVM के बजाय बैलेट पेपर से कराने की मांग भी रखी गई है।
प्रदर्शन से पहले मुंडन और पिंडदान भी
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से अलग तरह का विरोध भी देखने को मिला। प्रदर्शन से पहले मुंडन कर पिंडदान किए जाने की जानकारी सामने आई। इसके बाद कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट की ओर आगे बढ़े।
कांग्रेस की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ लगाए जा रहे आरोपों और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े सवालों को लेकर देशभर में विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं। वहीं निर्वाचन आयोग की ओर से चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े मामलों पर अपनी संस्थागत प्रक्रिया के तहत काम किया जा रहा है।
ज्ञापन में कई मांगें रखीं
कांग्रेस ने राष्ट्रपति के नाम सौंपे ज्ञापन में मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे, गिरफ्तारी और उचित कार्रवाई की मांग के साथ आगामी नगरीय निकाय चुनाव बैलेट पेपर से कराने की मांग रखी। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और मतदाताओं के अधिकार से जुड़े सवालों पर जवाबदेही तय होनी चाहिए।



You must be logged in to post a comment.