सक्ती गोलीकांड का हुआ खुलासा, पत्नी ने पति की प्रेमिका को रास्ते से हटाने दी 4 लाख की सुपारी, 9 आरोपी गिरफ्तार..

शेयर करें...

सक्ती// सक्ती जिले में दिनदहाड़े हुई युवती की गोली मारकर हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस जांच में सामने आया है कि यह हत्या किसी पुरानी रंजिश का नहीं, बल्कि अवैध प्रेम संबंध का परिणाम थी। पति की प्रेमिका को रास्ते से हटाने के लिए पति-पत्नी ने मिलकर चार लाख रुपये की सुपारी देकर हत्या की पूरी साजिश रची थी। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड में शामिल कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

Join WhatsApp Group Click Here

गौरतलब है कि 26 जून को सक्ती जिले के ग्राम जोंगरा में पूर्णिमा चौहान उर्फ पूनम की अज्ञात बदमाशों ने दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी थी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। बीच गांव में हुई इस हत्या से इलाके में दहशत फैल गई थी और पुलिस के सामने जल्द से जल्द आरोपियों तक पहुंचने की चुनौती थी। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतका पूर्णिमा चौहान का रायगढ़ निवासी मुरलीशंकर चौहान से प्रेम संबंध था। इस रिश्ते से मुरलीशंकर की पत्नी चम्पा चौहान नाराज थी। पुलिस के अनुसार, पति-पत्नी ने मिलकर पूर्णिमा की हत्या की साजिश रची और चार लाख रुपये की सुपारी देकर शूटरों को वारदात अंजाम देने की जिम्मेदारी सौंपी।

योजना के मुताबिक 26 जून को शूटरों ने पूर्णिमा को निशाना बनाते हुए गोली मार दी और मौके से फरार हो गए। हत्या के बाद सक्ती पुलिस ने विशेष जांच टीम गठित कर मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), तकनीकी साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू की। जांच का दायरा छत्तीसगढ़ से निकलकर झारखंड और महाराष्ट्र तक पहुंचा। लगातार चार दिनों तक चली कार्रवाई के बाद पुलिस ने पूरे षड्यंत्र का पर्दाफाश करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

हथियार, मोबाइल और नकदी बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल की गई पिस्टल समेत 4 जिंदा कारतूस, 2 मोटरसाइकिल, 7 मोबाइल फोन, 71,500 रुपये नकद बरामद कर जब्त किया है। पुलिस का कहना है कि बरामद हथियार और अन्य सामग्री हत्याकांड की जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य हैं। पुलिस ने सभी 9 आरोपियों के खिलाफ हत्या, आपराधिक षड्यंत्र और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और यदि जांच में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने इस हत्याकांड की मुख्य साजिशकर्ता चम्पा चौहान समेत उसके पति मुरलीशंकर चौहान, सुनील महंत, गौरीशंकर सिदार, राकेश महंत, वेद प्रकाश महंत, राजेन्द्र महंत, सुमित गबेल और चंद्रशेखर महंत को गिरफ्तार किया है।

Scroll to Top