शेयर करें...
रायपुर// मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के कैबिनेट विस्तार के बाद अब मंत्रियों के विभागों का नया बंटवारा कर दिया गया है। इस फेरबदल में कई पुराने मंत्रियों से उनके अहम विभाग वापस ले लिए गए हैं और नए मंत्रियों को जिम्मेदारियां दी गई हैं।अनुसार, डिप्टी सीएम अरुण साव के पास से विधि एवं विधायी विभाग हटा लिया गया है। वहीं, डिप्टी सीएम विजय शर्मा से तकनीकी शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी ले ली गई है। मंत्री टंकराम वर्मा से खेल एवं युवा कल्याण विभाग लिया गया है।
लखनलाल देवांगन बने आबकारी मंत्री
अब तक आबकारी विभाग मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के पास था। लेकिन इस फेरबदल के बाद मंत्री लखनलाल देवांगन को आबकारी विभाग का प्रभारी बनाया गया है। यह जिम्मेदारी उनके राजनीतिक करियर के लिए बेहद अहम मानी जा रही है।
अन्य प्रमुख बदलाव
- परिवहन विभाग की जिम्मेदारी अब मंत्री केदार कश्यप को सौंपी गई है।
- मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल को 20 सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन का कार्यभार दिया गया है।
- वरिष्ठ नेता रामविचार नेताम को मछली पालन और पशुधन विकास विभाग का प्रभारी बनाया गया है।
- टंकराम वर्मा को उच्च शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी दी गयी है।

नए मंत्रियों को मिला विभाग
साय कैबिनेट के हालिया विस्तार में तीन नए विधायकों को मंत्री बनाया गया है। मंगलवार को राज्यपाल ने राजभवन में इन तीनों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण करने वाले मंत्री हैं—
- गजेंद्र यादव – स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग और विधि एवं विधायी कार्य विभाग संभालेंगे।
- राजेश अग्रवाल – पर्यटन, संस्कृति और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।
- खुशवंत साहेब – कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा, रोजगार और अनुसूचित जाति विकास विभाग देखेंगे।
गौरतलब है कि इन तीन मंत्रियों में राजेश अग्रवाल और खुशवंत साहेब पूर्व में कांग्रेस से जुड़े रहे हैं। भाजपा में शामिल होने के बाद अब उन्हें साय मंत्रिमंडल में मंत्री पद मिला है।

राजनीतिक मायने
इस फेरबदल को आगामी चुनावों और संगठनात्मक संतुलन से जोड़कर देखा जा रहा है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि नए मंत्रियों को मिली जिम्मेदारी भाजपा संगठन की रणनीति का हिस्सा है। वहीं वरिष्ठ मंत्रियों से कुछ अहम विभाग लेकर नए चेहरों को देने को संतुलन बनाने की कोशिश माना जा रहा है।
You must be logged in to post a comment.