शेयर करें...
रायपुर// बेवफाई से दुखी एयरपोर्ट कर्मचारी ने आत्महत्या कर ली। राजधानी रायपुर की ये घटना है, जहां भाठागांव इलाके में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।यह मामला पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है, जहां पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
कमरे में अकेला था युवक
जानकारी के अनुसार, मृतक युवक घटना के समय घर के ऊपरी कमरे में अकेला था, जबकि उसके पिता और छोटा भाई छत पर सो रहे थे। वहीं उसकी मां किसी शादी समारोह में गई हुई थी। इसी दौरान युवक ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। सुबह जब परिजनों को इसकी जानकारी मिली, तो घर में कोहराम मच गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सुसाइड नोट में प्रेम प्रसंग का जिक्र
मौके से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसने मामले को और गंभीर बना दिया है। सुसाइड नोट में युवक ने एक युवती का जिक्र करते हुए उस पर धोखा देने और अन्य लड़कों से संबंध रखने का आरोप लगाया है।प्राथमिक जांच में यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है।
एयरपोर्ट में करता था नौकरी
मृतक की पहचान कोमल वर्मा (25) के रूप में हुई है, जो रायपुर एयरपोर्ट में नौकरी करता था। वह मूल रूप से खपराडीह गांव, थाना सुहेला, जिला बलौदा बाजार का रहने वाला था।वह अपने माता-पिता और भाई के साथ भाठागांव में खुद के मकान में रहता था।
पुलिस जांच में जुटी
मामले की जानकारी देते हुए देवांश आर राठौर (एसीपी, पुरानी बस्ती) ने बताया कि प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग के चलते आत्महत्या करने की बात सामने आई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। साथ ही सुसाइड नोट और मृतक का मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया है, जिनके आधार पर आगे की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है। यह भी जांच की जा रही है कि सुसाइड नोट में जिन आरोपों का जिक्र है, उनमें कितनी सच्चाई है।


